मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया – ऑनलाइन फॉर्म भरना है सरल और पारदर्शी प्रक्रिया
जोधपुर। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने रविवार को अटल सेवा केंद्र के सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR 2026) के संबंध में बैठक ली। बैठक में विभिन्न पंचायत समिति क्षेत्रों के विकास अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पटवारी सहित विभागीय प्रतिनिधियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
मिश्रा ने बताया कि SIR 2026 के अंतर्गत प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना निर्वाचन विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए आगामी दिनों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहां नागरिक स्वयं अपने विवरणों का सत्यापन कर सकेंगे तथा ऑनलाइन या ऑफलाइन प्रपत्र भर सकेंगे।
ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया अत्यंत सरल – केवल मूल जानकारी आवश्यक
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिश्रा ने बताया कि ऑनलाइन फॉर्म भरना एक अत्यंत सरल एवं सहज प्रक्रिया है। मतदाताओं को केवल अपने वोटर आईडी (EPIC) कार्ड का नंबर, आधार कार्ड की जानकारी, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज सीरियल नंबर एवं भाग संख्या, पता आदि प्रदान करनी होगी। इन विवरणों के माध्यम से मतदाता का नाम पुरानी सूची से मैप कर सत्यापित किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह जानकारी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भरी जा सकती है, जिससे बी.एल.ओ. के कार्य में पारदर्शिता और गति आएगी। इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।
शीघ्र ही विभिन्न क्षेत्रों में लगाएंगे विशेष शिविर
मिश्रा ने बताया कि सभी पंचायत समिति क्षेत्र में बी.एल.ओ. और विभागीय अधिकारियों द्वारा मतदाताओं के लिए विशेष सहायतार्थ शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें ऑनलाइन फॉर्म एवं SIR से संबंधित अन्य जानकारी और सहायता मुहैया करवाई जाएगी
उन्होंने कहा कि यह एक सामूहिक प्रयास है, जिसमें प्रशासन और नागरिक दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने वोटर आईडी, आधार कार्ड, वर्ष 2002 की मतदाता सूची से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों की कॉपी या फोटो साथ लेकर ऑनलाइन माध्यम से अधिक से अधिक पंजीयन करें जो कि एक बेहद सरल तरीका है
हर पात्र मतदाता का नाम सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण लोकतंत्र की बुनियादी प्रक्रिया है। इसके माध्यम से नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रयोग का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, बी.एल.ओ., विभागीय अधिकारियों एवं समाजसेवियों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया, ताकि आमजन इसके लिए प्रेरित एवं जागरूक हो सके और आगामी निर्वाचन में “एक भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे” इस संकल्प को साकार किया जा सके।


Leave a Reply