भारत और बांग्लादेश के बीच अगस्त-सितंबर में होने वाली क्रिकेट सीरीज फिलहाल टाल दी गई है। दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टी-20 मैच खेले जाने थे। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमिम इकबाल ने कहा है कि सीरीज के लिए नई तारीख तय करने को लेकर BCCI और BCB के बीच बातचीत जारी है।

तमिम इकबाल ने रविवार को यूट्यूब चैनल ‘नॉट आउट नोमान’ से बातचीत में कहा कि अभी यह तय नहीं हुआ है कि भारत के खिलाफ सीरीज पूरी तरह रद्द होगी। दोनों क्रिकेट बोर्ड सीरीज आयोजित करने के लिए नई तारीख तलाश रहे हैं।
BCCI और BCB के बीच बातचीत जारी
तमिम इकबाल ने कहा कि दोनों बोर्ड सीरीज कराने को लेकर गंभीर हैं और लगातार बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि BCCI और BCB ऐसी तारीख तलाश रहे हैं, जब दोनों देशों की व्यस्तताओं के बीच सीरीज का आयोजन संभव हो सके।
तमिम के मुताबिक, दोनों बोर्ड एक संभावित तारीख पर भी विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर मंशा नकारात्मक होती तो वह उम्मीद की बात नहीं करते। उनके अनुसार, सीरीज कराने की मंशा सकारात्मक है और तारीखों पर लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि बांग्लादेश और भारत दोनों का क्रिकेट कैलेंडर काफी व्यस्त है, इसलिए नई तारीख तय करना आसान नहीं है।
3 प्वॉइंट्स में समझें पूरा मामला
1. 2024 में होना था भारत का बांग्लादेश दौरा
भारत और बांग्लादेश के बीच यह सीरीज पहले 2024 में प्रस्तावित थी। इसी दौरान बांग्लादेश में सरकार विरोधी आंदोलन हुआ और वहां राजनीतिक परिस्थितियों में बड़ा बदलाव आया। इसके बाद सीरीज को आगे बढ़ा दिया गया।
बाद में दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच भी कुछ मुद्दों को लेकर तनाव की स्थिति बनी रही। इसी वजह से सीरीज का आयोजन आगे नहीं हो सका।
2. टीम इंडिया की सुरक्षा भी बड़ा मुद्दा
भारत-बांग्लादेश सीरीज को लेकर सुरक्षा भी अहम मुद्दा है। तमिम इकबाल ने बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शामा ओबैद इस्लाम से मुलाकात कर इस मामले पर चर्चा की थी।
उन्होंने सरकार से भारत सरकार के साथ बातचीत करने और टीम इंडिया की सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाने की बात कही है। उनका मानना है कि सुरक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट होने से सीरीज के आयोजन का रास्ता आसान हो सकता है।
3. राजनीतिक संबंध सुधरे तो सीरीज की राह आसान
भारत और बांग्लादेश के राजनीतिक रिश्तों का असर क्रिकेट संबंधों पर भी पड़ सकता है। भारत की ओर से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत में होने वाले BRICS सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिए जाने की बात सामने आई है।

इसके अलावा दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच भी बातचीत हुई है। ऐसे में अगर दोनों देशों के राजनीतिक रिश्तों में सुधार आता है, तो भारत-बांग्लादेश क्रिकेट सीरीज के आयोजन की संभावना बढ़ सकती है।
मुस्तफिजुर रहमान को लेकर भी बढ़ा था तनाव
भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में तनाव की एक बड़ी वजह मुस्तफिजुर रहमान से जुड़ा विवाद भी रहा है। IPL 2025 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने BCCI के कहने पर बांग्लादेश के ऑलराउंडर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटा दिया था।
इस घटनाक्रम के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड में नाराजगी देखने को मिली थी। इसके बाद अमीनुल इस्लाम की अगुआई वाले BCB ने भारत और श्रीलंका की मेजबानी में आयोजित टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम नहीं भेजने का फैसला किया था।
अब दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड सीरीज को लेकर बातचीत कर रहे हैं। नई तारीख कब तय होगी, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। हालांकि, तमिम इकबाल के बयान से संकेत मिल रहे हैं कि BCCI और BCB सीरीज को पूरी तरह रद्द करने के बजाय इसे किसी नई तारीख पर आयोजित करने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply