सेवकी कलां से बुचेटी मार्ग पर बाबा रामदेव मंदिर के पास जर्जर पोल, तार और कंक्रीट हुए अलग-अलग; ग्रामीणों ने जल्द बदलने की मांग उठाई
बावड़ी/जोधपुर। बावड़ी उपखंड क्षेत्र के सेवकी कलां ग्राम पंचायत के सेवा गांव के पास सेवकी कलां से बुचेटी-सेवा गांव जाने वाले मुख्य मार्ग पर 11 केवी विद्युत लाइन का एक पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में खड़ा है। यह पोल बाबा रामदेव मंदिर और गांव के बीच मुख्य सड़क पर होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार विद्युत पोल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पोल का कंक्रीट और विद्युत तारों का हिस्सा अलग-अलग दिखाई दे रहा है। पोल किसी तरह खड़ा है और कभी भी टूटकर सड़क पर गिर सकता है। सड़क पर दिनभर ग्रामीणों और वाहन चालकों का आवागमन रहता है, ऐसे में यदि पोल या 11 केवी विद्युत लाइन सड़क पर गिरती है तो बड़ा हादसा होने की आशंका है।
करंट फैलने का भी बना हुआ है डर
ग्रामीणों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पोल के तार पूरी तरह से उखड़े हुए नजर आ रहे हैं। इससे आसपास के क्षेत्र में विद्युत करंट फैलने का खतरा भी बना हुआ है। खासकर सड़क से गुजरने वाले पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और ग्रामीणों के लिए यह स्थिति चिंताजनक है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों को पोल की जर्जर हालत से अवगत कराया, लेकिन इसके बावजूद अभी तक पोल को बदला नहीं गया है। शिकायतों के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि क्षतिग्रस्त 11 केवी विद्युत पोल को तत्काल हटाकर नया पोल लगाया जाए और विद्युत लाइन को सुरक्षित किया जाए, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।
ग्रामीणों का सवाल है कि यदि समय रहते पोल नहीं बदला गया और अचानक विद्युत पोल या तार सड़क पर गिरने से कोई जनहानि होती है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? ग्रामीणों ने विभाग से हादसा होने का इंतजार करने के बजाय तत्काल प्रभाव से मौके पर कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply