भोपालगढ़। नगर पालिका चुनाव के बाद नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक रविवार को नगर पालिका अध्यक्ष देवेश चोटिया की अध्यक्षता में अध्यक्ष कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में नगर पालिका क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं और आगामी दशहरा महोत्सव एवं रावण दहन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा की गई।
पहली बार नगर पालिका स्तर पर होगा दशहरा महोत्सव
बैठक में तय किया गया कि भोपालगढ़ नगर पालिका बनने और चुनाव के बाद पहली बार नगर पालिका स्तर पर भव्य दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। 20 अक्टूबर 2026 को विजयादशमी के अवसर पर दशहरा महोत्सव एवं रावण दहन कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।
रावण दहन के लिए सोपड़ा रोड स्थित अग्निशमन कार्यालय के पास नगर पालिका की भूमि का चयन किया गया है। कार्यक्रम को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
लॉटरी से आवंटित होंगी दशहरा मेले की दुकानें
दशहरा महोत्सव के साथ मेला आयोजित करने की भी तैयारी है। बैठक में दशहरा मेला स्थल पर लगने वाली अस्थायी दुकानों का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया। इससे दुकान आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।
सड़क, सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर
नगर पालिका की पहली बैठक में शहर की मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर भी विस्तार से मंथन किया गया। पार्षदों एवं सदस्यों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़े मुद्दे और सुझाव रखे।
बैठक में सड़क, सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर करने पर सहमति बनी। आगामी दिनों में नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

नवनिर्वाचित बोर्ड का किया स्वागत
बैठक के दौरान अधिशाषी अधिकारी विक्रम सिंह चारण एवं नगर पालिका कर्मचारियों सचिन भाटी, धर्मेन्द्र सिंह खोजा सहित अन्य कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों का साफा, शॉल एवं माला पहनाकर स्वागत किया।
अध्यक्ष देवेश चोटिया ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र के विकास के लिए सभी पार्षदों एवं सदस्यों के सहयोग से कार्य करने की बात कही। इसके साथ ही बैठक का समापन हुआ।
ये रहे मौजूद
बैठक में अध्यक्ष देवेश चोटिया, उपाध्यक्ष गफार खान, पार्षद नारायणराम जाखड़, शिवकरण सोलंकी, जीवणराम सोलंकी, महावीर चौधरी, रामदीन देवड़ा, अर्जुनराम, अर्जुन सिंह, शिम्बाराम, कुम्भाराम जाखड़, माणकराम, संतोकराम, मदनलाल, सीता चौधरी, हेमलता, परमुड़ी, इग्यारसी, शोभा, बेबी, रसाली एवं नैनू कंवर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
नगर पालिका बोर्ड की पहली बैठक में लिए गए निर्णयों के बाद अब 20 अक्टूबर को होने वाले पहले नगर पालिका स्तरीय दशहरा महोत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों में भी उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply