प्रथम चरण में 21 अक्टूबर, द्वितीय में 27 अक्टूबर और तृतीय चरण में 2 नवंबर को होगा पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान; मतदान की तारीखों में बदलाव नहीं
जोधपुर, 6 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के कार्यक्रम में धनतेरस पर्व को देखते हुए आंशिक संशोधन किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने धार्मिक आस्था एवं जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए तीनों चरणों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान की तिथियां एक दिन पहले निर्धारित की हैं। हालांकि, मतदान सहित चुनाव कार्यक्रम की अन्य तिथियां पूर्ववत रहेंगी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए पोलिंग पार्टियां अब 21 अक्टूबर 2026 को रवाना होंगी, जबकि पहले इनके प्रस्थान की तिथि 22 अक्टूबर निर्धारित थी। प्रथम चरण के लिए जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों का मतदान 22 अक्टूबर को होगा। इसके बाद 23 अक्टूबर को पंच एवं सरपंच के लिए नामांकन तथा 24 अक्टूबर को मतदान होगा। उप सरपंच का चुनाव 25 अक्टूबर को कराया जाएगा।

इसी प्रकार द्वितीय चरण में पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान अब 27 अक्टूबर को होगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 28 अक्टूबर को होगा। पंच एवं सरपंच के लिए 29 अक्टूबर को नामांकन और 30 अक्टूबर को मतदान होगा। उप सरपंच का चुनाव 31 अक्टूबर को होगा।
तृतीय चरण में 2 नवंबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
तृतीय चरण में भी पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान की तिथि एक दिन पूर्व कर दी गई है। अब पोलिंग पार्टियां 2 नवंबर 2026 को रवाना होंगी, जबकि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 3 नवंबर को होगा। पंच एवं सरपंच के लिए नामांकन 4 नवंबर तथा मतदान 5 नवंबर को होगा। वहीं, वार्ड पंचों द्वारा उप सरपंच का अप्रत्यक्ष चुनाव 6 नवंबर को पूर्वाह्न में कराया जाएगा।
तीनों चरणों का संशोधित कार्यक्रम
प्रथम चरण
- 21 अक्टूबर: जिला परिषद/पंचायत समिति सदस्य के लिए पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान/पहुंच
- 22 अक्टूबर: जिला परिषद/पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान
- 23 अक्टूबर: पंच/सरपंच के लिए नामांकन
- 24 अक्टूबर: पंच/सरपंच के लिए मतदान
- 25 अक्टूबर: उप सरपंच का चुनाव
द्वितीय चरण
- 27 अक्टूबर: जिला परिषद/पंचायत समिति सदस्य के लिए पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान/पहुंच
- 28 अक्टूबर: जिला परिषद/पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान
- 29 अक्टूबर: पंच/सरपंच के लिए नामांकन
- 30 अक्टूबर: पंच/सरपंच के लिए मतदान
- 31 अक्टूबर: उप सरपंच का चुनाव
तृतीय चरण
- 2 नवंबर: जिला परिषद/पंचायत समिति सदस्य के लिए पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान/पहुंच
- 3 नवंबर: जिला परिषद/पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान
- 4 नवंबर: पंच/सरपंच के लिए नामांकन
- 5 नवंबर: पंच/सरपंच के लिए मतदान
- 6 नवंबर: उप सरपंच का चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि धनतेरस पर्व के दृष्टिगत केवल पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान की तिथियों में संशोधन किया गया है। इसके अलावा पंचायतीराज आम चुनाव-2026 का पूर्व में घोषित शेष कार्यक्रम यथावत रहेगा। इससे चुनावी तैयारियों में जुटे प्रशासन एवं निर्वाचन कर्मियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।

Leave a Reply