खैरथल-तिजारा। मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रदेश के किसानों के कल्याण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किस्त जारी की। इस अवसर पर खैरथल-तिजारा जिले के 65,263 किसानों के खातों में कुल 6 करोड़ 52 लाख 6 हजार रुपये की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की गई।
गुरुवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए योजना के लाभार्थियों को इस राशि के हस्तांतरण की प्रक्रिया का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिले के कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी, किसान और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जिला सचिवालय में किया गया था, जहां अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा और जिला महामंत्री पवन यादव सहित किसान और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन को बड़ी श्रद्धा से सुना गया और इस योजना के लिए मुख्यमंत्री तथा राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया गया।
किसान सम्मान निधि योजना के तहत सीधे किसानों के बैंक खातों में धनराशि हस्तांतरित की जाती है, जो उन्हें कृषि कार्यों में मदद करती है। इससे किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी कृषि उत्पादन क्षमता में वृद्धि करने का उद्देश्य है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र के लिए किए गए विभिन्न सुधारों की जानकारी दी और किसानों को उनकी मेहनत और योगदान के लिए धन्यवाद दिया।


Leave a Reply