Advertisement

जोधपुर में नियुक्ति पत्र वितरण: 771 युवाओं को सरकारी नौकरी, पीएम मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

blank

जोधपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर बांसवाड़ा के नापला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 1 लाख 22 हजार 670 करोड़ रुपये की परमाणु ऊर्जा, अक्षय ऊर्जा, विद्युत तथा राजस्थान से संबंधित विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने का ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर, जोधपुर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभ्यर्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में 771 अभ्यर्थियों को प्रदान किए गए नियुक्त पत्र


पशुपालन विभाग के सयुक्त निदेशक ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में कुल 771 अभ्यर्थियों को जोधपुर में सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जिनमें से 344 अभ्यर्थी पशुपालन के, 150 कनिष्ठ लिपिक, 112 कनिष्ठ अनुदेशक, 03 छात्रावास अधीक्षक, 80 अध्यापक लेवल द्वितीय, 67 कनिष्ठ अभियंता और 15 वरिष्ठ अध्यापक शामिल थे। अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र के साथ दुपट्टा, पेन, डायरी, कर्तव्य दायित्व बुकलेट, प्रवेश पत्र, प्रमाण पत्र व बैज भी प्रदान किए गए।

प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज जो युवा नियुक्ति पत्र लेकर जा रहे हैं, यह केवल एक नौकरी नहीं बल्कि जनसेवा का अवसर है। सरकारी सेवा का मूल उद्देश्य जनता की सेवा करना है और यही आपकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 4 लाख युवाओं को रोजगार देने का संकल्प लिया था, जिनमें से अब तक 75 हजार को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और 15 हजार को आज दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक माता-पिता का सपना साकार हुआ है, जिनके बच्चे सरकारी सेवा में चयनित हुए हैं और यह खुशी उनके चेहरों पर झलक रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए हमें स्वदेशी उत्पादों को अपनाना होगा। सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम स्वदेशी वस्तुओं का ही उपयोग करेंगे।

प्रभारी मंत्री ने पॉलिथिन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके कारण हर साल बड़ी संख्या में लोग बीमारियों का शिकार होते हैं। सभी को मिलकर यह निश्चय करना होगा कि पॉलिथिन का प्रयोग बंद करें। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता को हमारी साझा जिम्मेदारी बताया और कहा कि यदि कहीं कमी दिखे तो नागरिक तत्काल अधिकारियों को अवगत कराएं।

उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं, उनकी रक्षा और संवर्धन के लिए प्रत्येक नागरिक को सजग रहना होगा। सरकार भी पेड़ों की सुरक्षा और रखरखाव सुनिश्चित करने की व्यवस्था कर रही है।

शहर विधायक अतुल भांसली ने कहा कि आज जोधपुर में सैकड़ों युवाओं को सरकारी सेवा में प्रवेश मिला है, यह हमारे जिले के लिए गर्व का क्षण है। इन युवाओं से अपेक्षा है कि वे अपनी ऊर्जा और क्षमता को राष्ट्रनिर्माण और समाज की सेवा में समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान नई ऊँचाइयों की ओर बढ़ रहा है और युवाओं को इस विकास यात्रा के सहभागी बनना है।

इस अवसर पर शहर विधायक अतुल भांसली, त्रिभुवन सिंह भाटी, जय किशन पंचारिया, शिव कुमार सोनी, संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त (उत्तर-दक्षिण) सिद्धार्थ पालानीचामी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अधिकारी और नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *