Advertisement

अरावली विहार सेक्टर-8 बनी भिवाड़ी की पहली जीरो वेस्ट कॉलोनी की ओर अग्रसर

blank

भिवाड़ी । नगर परिषद भिवाड़ी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अरावली विहार, सेक्टर-8 में “स्वच्छ संकल्प – जीरो वेस्ट टू लैंडफिल” परियोजना का शुभारंभ किया। यह पहल आरपीएससी के सीएसआर सहयोग से तथा Why Waste Wednesdays Foundation के माध्यम से क्रियान्वित की जा रही है।

भिवाड़ी की पहली जीरो वेस्ट कॉलोनी बनने की दिशा में यह परियोजना 325 आवासीय इकाइयों वाली कॉलोनी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके तहत कचरे का पृथक्करण और स्थानीय निस्तारण की प्रक्रिया को अपनाया जाएगा, जिससे लैंडफिल पर निर्भरता को शून्य किया जा सकेगा। परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक घर को तीन रंगों के डस्टबिन और कपड़े के थैले वितरित किए गए हैं। साथ ही कॉलोनी में सामुदायिक कम्पोस्टिंग इकाइयों की स्थापना की जाएगी, ताकि जैविक कचरे का निस्तारण किया जा सके।

इस अवसर पर, घरेलू सहायिकाओं को बायोडिग्रेडेबल सेनेटरी नैपकिन और कचरा संग्राहकों को पीपीई किट भी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम में नगर आयुक्त मुकेश कुमार चौधरी और सहायक अभियंता अंकित श्रीवास्तव उपस्थित रहे। आरपीएससी की ओर से प्रबंध निदेशक हिरोतौमी ताकानो समेत वरिष्ठ अधिकारी भी इस आयोजन में शामिल हुए।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष भागीरथ सिंह ने सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि इस तरह की पहल से ही हम स्वच्छ और हरित भिवाड़ी के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। परियोजना में डॉ. रूबी माखीजा और राजीव अरोड़ा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

नगर परिषद ने नागरिकों से स्वच्छ भारत मिशन के तहत भिवाड़ी को स्वच्छ, हरित और सतत बनाने में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *