Advertisement

रामधाम बिराई में गुरु पूर्णिमा पर सघन वृक्षारोपण, 30 हजार से अधिक पेड़ों से हरियाली की मिसाल | PRP NEWS

blank

हर वर्ष 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य, इस वर्ष 500 पौधे रोपे गए; संतों ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बावड़ी।जोधपुर जिले के बावड़ी क्षेत्र स्थित रामस्नेही सुखराम महाराज संप्रदाय की मुख्य पीठ रामधाम राम चौकी बिराई में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर “हरियाळो राजस्थान” अभियान के तहत सघन वृक्षारोपण किया गया। सद्गुरु स्वामी सुंदर दास महाराज की प्रेरणा एवं अनंत श्री सुखराम जी ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में मंदिर परिसर के मुख्य द्वार से लेकर चौक तक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

blank
संत चरण दास महाराज ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस वर्ष अब तक 500 पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 500 पौधे भी शीघ्र लगाए जाएंगे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नव नियुक्त बावड़ी नायब तहसीलदार गिरिराज राजावत, भारतीय जनता पार्टी जोधपुर देहात के उप जिला अध्यक्ष जयकिशन पंचारिया तथा संतों ने मिलकर वृक्षारोपण किया।

blank
संत चरण दास महाराज ने बताया कि रामधाम परिसर में अब तक 30 हजार से अधिक वृक्ष लगाए जा चुके हैं और विशेष बात यह है कि वर्षों में लगाया गया एक भी वृक्ष सूखने नहीं दिया गया। सभी पौधों की नियमित सिंचाई, खाद एवं संरक्षण बच्चों की तरह किया जाता है, जिसके कारण आज पूरा परिसर घने वृक्षों से हरा-भरा दिखाई देता है।

blank
उन्होंने बताया कि परिसर में नीम, खेजड़ी सहित अनेक छायादार एवं फलदार वृक्षों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे एवं सुगंधित पुष्पों वाले पौधे भी लगाए जा रहे हैं, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ प्राकृतिक सौंदर्य को भी बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर संत चरण दास महाराज ने सभी श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने सामर्थ्य के अनुसार कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने कहा कि “पर्यावरण बचेगा तो जलवायु, मौसम और मानव जीवन भी सुरक्षित रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *