सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग पर हुई चर्चा, लंबित मामलों की समीक्षा के साथ अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
बावड़ी/जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक पंकज यादव लगातार ग्रामीण क्षेत्रों के पुलिस थानों का दौरा कर पुलिस व्यवस्था और कानून व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने पुलिस चौकी बावड़ी एवं पुलिस थाना खेड़ापा का बारीकी से निरीक्षण किया। इससे पहले वे पीपाड़, बोरूंदा, ओसियां, भोपालगढ़ सहित अन्य थानों का भी निरीक्षण कर चुके हैं।

निरीक्षण के दौरान एसपी पंकज यादव ने थाना एवं चौकी के रिकॉर्ड, मालखाना, हवालात, कार्यालय व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने पुलिस थाना खेड़ापा के थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़ से क्षेत्र की कानून व्यवस्था, लंबित प्रकरणों (पेंडिंग केस), असामाजिक तत्वों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई तथा अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
एसपी यादव ने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने तथा फरियादियों की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।
सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक, अपराध नियंत्रण पर हुई चर्चा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) सदस्यों के साथ बैठक भी की। बैठक में क्षेत्र की कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, पुलिस-जन सहयोग बढ़ाने तथा बेहतर पुलिसिंग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान ग्रामीणों को पुलिस की कार्यप्रणाली एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान बावड़ी पुलिस चौकी की भूमि से जुड़े विषय पर भी चर्चा हुई तथा चौकी के विकास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
उच्च अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान भोपालगढ़ वृत्ताधिकारी (सीओ) भंवरलाल बुनकर तथा अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर रणनीति पर चर्चा की।
बुके भेंट कर किया स्वागत
पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के पुलिस थाना खेड़ापा पहुंचने पर थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़ ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद एसपी ने थाने का विस्तृत निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Leave a Reply