Advertisement

आईजी सत्येंद्र सिंह व एसपी पंकज ने पुलिस लाइन दईजर का किया निरीक्षण, ‘हरियाळो राजस्थान’ अभियान में किया पौधारोपण

blank

संपर्क सभा में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं, शीघ्र समाधान के दिए निर्देश | पद्मश्री हिम्मताराम भाम्भु के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


जोधपुर, PRP NEWS

जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस  सत्येंद्र सिंह एवं जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक  पंकज (आईपीएस) ने शनिवार को पुलिस लाइन दईजर का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ पुलिस कार्मिकों की संपर्क सभा आयोजित कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आईजी एवं एसपी ने राजस्थान सरकार के ‘हरियाळो राजस्थान’ अभियान के तहत पर्यावरण प्रेमी पद्मश्री हिम्मताराम भाम्भु के साथ पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छ एवं हरित परिसर को बेहतर कार्य वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए नियमित देखभाल और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया।

पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

एसपी पंकज ने निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, कार्यालयों, बैरकों, शस्त्रागार, वाहन शाखा, मैस और आवासीय परिसर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अनुशासन, अभिलेख संधारण एवं संसाधनों के रख-रखाव की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं में और सुधार लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस कार्मिकों के प्रशिक्षण, कल्याण एवं मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया।

blank

संपर्क सभा में सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं

निरीक्षण के बाद आयोजित संपर्क सभा में पुलिस कार्मिकों ने अपनी सेवा संबंधी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यकताएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। आईजी एवं एसपी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है, इसलिए उनका कल्याण और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जनसेवा और अनुशासन पर दिया जोर

एसपी पंकज ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, सत्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आमजन के साथ संवेदनशील एवं कानूनसम्मत व्यवहार पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत बनाता है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग के लिए टीम भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत, एलओ सुमेर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *