खैरथल-तिजारा । अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई और सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने की दिशा में निर्देश दिए गए।
साथ ही, सुशासन कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रशासनिक जिम्मेदारियों और सुशासन के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने समय पर कार्यों को प्राथमिकता देने और ईमानदारी से कर्तव्यों के निर्वहन पर जोर दिया।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को मिलकर कार्य करने की सलाह दी और ब्लैक स्पॉट मार्गों पर साइन बोर्ड लगाने, अवैध स्पीड ब्रेकर हटाने, और जागरूकता अभियानों के संचालन की आवश्यकता को रेखांकित किया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डिप्टी एसपी, कृषि विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग और अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी भाग लिया।


Leave a Reply