मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में प्रातः 11 से 1.30 बजे तक आयोजित होगी जनसुनवाई
जोधपुर। अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग (राजनैतिक प्रतिनिधित्व) द्वारा आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम 17 नवम्बर को जोधपुर संभाग मुख्यालय पर प्रातः 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर सभागार, जोधपुर में आयोजित किया जाएगा। इस जनसुनवाई में आयोग के अध्यक्ष मदन लाल भाटी, सदस्य गोपाल कृष्ण, सदस्य प्रो. राजीव सक्सेना, सदस्य मोहन मोरवाल, सदस्य पवन मंडाविया तथा सचिव (सलाहकार) अशोक कुमार जैन की उपस्थिति प्रस्तावित रहेगी।
अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा जनप्रतिनिधियों, हितधारकों और आमजन से संवाद
जनसुनवाई के दौरान आयोग के अध्यक्ष, सदस्य एवं सचिव (सलाहकार) जिले के सांसद, विधायक, जिला प्रमुख/प्रधान, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, बार काउंसिल सदस्य, अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण से जुड़े पदाधिकारी तथा आमजन के साथ प्रत्यक्ष संवाद करेंगे। आयोग संबंधित हितधारकों से जुड़े मुद्दों पर सुनवाई कर आवश्यक प्राथमिक टिप्पणियाँ एवं सुझाव प्राप्त करेगा।
जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करेंगे। जिले के वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों, पंचायत राज संस्थाओं एवं नगरीय निकायों के प्रतिनिधियों, साथ ही सांसदों एवं विधायकों को जनसुनवाई में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया है।
सभी विभागों से अपेक्षित सहयोग
आयोग ने सभी विभागों एवं संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि जनसुनवाई को सफल बनाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा प्राप्त प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए तत्पर रहें।
आमजन से आग्रह किया गया है कि वे अपने संबंधित प्रकरणों, शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित समय पर उपस्थित होकर आयोग की जनसुनवाई का लाभ उठाएं।


Leave a Reply