स्वच्छता व विकास कार्यों में लापरवाही पर जताई गहरी नाराज़गी, जारी किए कारण-बताओ नोटिस
जोधपुर। मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद जोधपुर आशीष कुमार मिश्रा ने गुरुवार को पंचायत समिति धवा अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत ग्राम पंचायत नारणड़ी एवं भान्डू में आयोजित सहायतार्थ शिविर का निरीक्षण किया। सीईओ ने शिविर में नागरिकों को प्रदान की जा रही जानकारी, परिगणना प्रपत्र वितरण एवं बीएलओ एप पर मतदाताओं की मैपिंग की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि परिगणना प्रपत्र का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए ताकि मतदाताओं का अद्यतन विवरण समय पर दर्ज हो सके। मिश्रा ने यह भी कहा कि मतगणना प्रपत्रों का वितरण निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए तथा बीएलओ एप में डेटा प्रविष्टि की शुद्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बीएलओ से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन परिगणना प्रपत्रों की प्रक्रिया पर चर्चा करते हुए मतदाताओं को प्रपत्र भरने हेतु प्रेरित करने तथा मतदाता सूची के अद्यतन कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
मनरेगा कार्यों और स्वच्छता पर गहरी नाराज़गी
ग्राम पंचायत नारणड़ी में महात्मा गांधी नरेगा के तहत चल रहे विकास कार्यों तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता गतिविधियों का निरीक्षण करते समय साफ-सफाई की व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गई। सीईओ ने इस पर कड़ी नाराज़गी जताई और निर्देश दिया कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय पर पूर्ण करवाया जाए।
लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को जारी किए कारण-बताओ नोटिस
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विकास कार्य (ग्रेवल सड़क, मेडबंदी, मॉडल तालाब) असंतोषजनक पाए जाने पर विकास अधिकारी धवा ओमप्रकाश को कारण-बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं स्वच्छता की स्थिति अत्यंत खराब पाए जाने पर ग्राम विकास अधिकारी नारणड़ी को भी कारण-बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा ग्राम पंचायत भान्डू में महात्मा गांधी नरेगा विकास कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर ग्राम विकास अधिकारी भान्डू को भी कारण-बताओ नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी धवा ओमप्रकाश और सहायक अभियंता नरेगा खमूराम विश्नोई उपस्थित रहे।


Alondra4981
https://shorturl.fm/pNNOA