जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने दी आवश्यक जानकारी, मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटि-मुक्त बनाने की अपील
जोधपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जोधपुर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR 2026) का कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि इस पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो और सूची पूरी तरह से शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटि-मुक्त हो। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा मतदाताओं की पिछली SIR 2002 की मतदाता सूची से मैपिंग/लिंकेज का कार्य किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक मतदाता की जानकारी सही रूप से दर्ज हो सके।
घर-घर सत्यापन के दौरान करें BLO का सहयोग
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि BLO शीघ्र ही घर-घर जाकर मतदाता विवरणों का सत्यापन करेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि BLO के आगमन पर वे निम्नलिखित तैयारियां रखें —
- वोटर ID (EPIC) कार्ड: अपने तथा परिवार के सभी मतदाता सदस्यों के पहचान पत्र उपलब्ध रखें।
- नवीनतम रंगीन फोटो: परिवार के सभी मतदाताओं की पासपोर्ट साइज की नवीनतम रंगीन फोटो तैयार रखें।
- सटीक विवरण: BLO द्वारा प्रदान किए जाने वाले ‘गणना प्रपत्र’ में सही जानकारी भरें और हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान लगाएँ।
उन्होंने कहा कि नागरिक BLO को परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी सत्यापित करने में भी सहयोग करें ताकि सूची अद्यतन रूप से तैयार की जा सके।
यदि आपका नाम पिछली सूची से लिंक नहीं हो पाया है, तो यह जानकारी अत्यंत महत्वपूर्ण है l
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि यदि किसी मतदाता का नाम पिछली मतदाता सूची (SIR 2002) से मैप या लिंक नहीं हो पाया है, तो उसे विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में 9 दिसंबर के बाद पात्रता साबित करने के लिए अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता पड़ सकती है, इसलिए BLO के साथ आवश्यक जानकारी साझा करना आवश्यक है।
उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि —
- परिवार के वरिष्ठ सदस्यों (माता-पिता, दादा-दादी) के नाम, उनके साथ संबंध तथा पुराना EPIC नंबर (यदि उपलब्ध हो) BLO को बताएं।
- BLO को पुराने परिवारिक रिकॉर्ड की सहायता से मैपिंग पूरी करने में सहयोग करें।
- मतदाता स्वयं भी भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर अपनी या परिवार के किसी सदस्य की जानकारी जांच सकते हैं और भर भी सकते हैं।
अग्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची का यह विशेष पुनरीक्षण लोकतंत्र की सशक्त नींव है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे BLO के साथ पूर्ण सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और आगामी निर्वाचन में सभी नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।


Leave a Reply