Advertisement

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी, 2 दिन शीतलहर की चेतावनी: 3 जिलों में पारा 5 डिग्री से नीचे आया, फसलों-लकड़ियों पर ओस जमी

blank

जयपुर। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होते ही उत्तरी हवाएं एक बार फिर से मैदानी राज्यों की तरफ बढ़ रही हैं। इस बदलाव का असर राजस्थान में भी देखने को मिल रहा है। सीकर में आज न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन का दूसरा मौका है जब तापमान इतना नीचे गिरा है। अलवर जिले में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और यहां के खेतों में फसलों पर बर्फ जम गई है, जबकि सूखी घास और लकड़ियों पर भी ओस की परत जमी नजर आई।

मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक चूरू, झुंझुनूं, सीकर और नागौर जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम सूखा रहने और सर्द हवाओं के चलते तेज सर्दी बनी रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान फतेहपुर (सीकर) में तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस, नागौर में 3.4 डिग्री सेल्सियस और माउंट आबू में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लूणकरणसर में न्यूनतम तापमान 5.4, चूरू में 5.8, झुंझुनूं और पाली में 6.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरा।

राज्य के 16 शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सिरोही में 19.5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरा, जो सबसे ठंडा रहा। जयपुर का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री, अलवर का 22 डिग्री और चूरू का 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, अगले दो दिन सर्द हवा का असर बने रहने की संभावना है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इसके अलावा, एक सप्ताह तक मौसम ड्राई रहेगा और सर्द हवाएं चलती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *