Advertisement

भारी बारिश से आफत: MP-UP में 7 नदियां खतरे के निशान से ऊपर, हिमाचल में 219 मौतें; राजस्थान के 13 जिलों में अलर्ट

blank

PRP NEWS | न्यूज डेस्क।देश के कई राज्यों में मानसून का कहर जारी है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वहीं, राजस्थान में भी मौसम विभाग ने 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक 23 अगस्त से राजस्थान में मानसून की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में नदियां उफान पर

मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं। प्रदेश की प्रमुख नदियां नर्मदा और मंदाकिनी खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। निचले इलाकों में पानी भरने से कई गांवों और शहरों का संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है।

blank

उत्तर प्रदेश में 13 जिलों में बाढ़ का संकट

उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है। राज्य के करीब 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बताए जा रहे हैं।

प्रदेश की 7 प्रमुख नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। इनमें गंगा, घाघरा, शारदा, टोंस, सोन और मंदाकिनी शामिल हैं। तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। राहत एवं बचाव टीमें भी तैनात की गई हैं।

हिमाचल प्रदेश में मानसून ने मचाई तबाही

हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में बारिश, भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और सड़क हादसों ने भारी नुकसान पहुंचाया है। अब तक 219 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।

blank

इनमें सबसे ज्यादा 131 मौतें सड़क दुर्घटनाओं में हुई हैं। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद हैं, जबकि राज्य के बुनियादी ढांचे को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है।

राजस्थान के 13 जिलों में येलो अलर्ट

राजस्थान में मानसून सक्रिय बना हुआ है। 22 अगस्त को जयपुर मौसम केंद्र ने 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में बारिश और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

बीते 24 घंटों में धौलपुर में सबसे अधिक 29 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, जयपुर में जेएलएन मार्ग पर 17 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

23 अगस्त से कमजोर होगा मानसून

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 अगस्त से अगले 4-5 दिनों तक राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *