सेवकी कला-बुचेटी,बिराई में ओलावृष्टि, किसानों के चेहरे खिले
बावड़ी। उपखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है। रविवार को तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश सोमवार को भी जारी रही। बारिश से जहां मौसम सुहावना हो गया, वहीं लंबे समय से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है।

हालांकि बारिश और आंधी के कारण कई स्थानों पर विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीण उमस और गर्मी के कारण पसीने से तरबतर नजर आए। सोमवार दोपहर बाद आसमान में छाई काली घटाओं ने फिर से बरसना शुरू कर दिया। हवा की गति कम होने के बावजूद करीब 10 से 15 मिनट तक हुई तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया तथा कई स्थानों पर नालों में बहाव शुरू हो गया। सूखे पड़े तालाबों में भी पानी की आवक दिखाई देने लगी।

ग्रामीणों ने बताया कि इस बारिश से किसानों को खेतों की जुताई और खरीफ फसलों की तैयारी में काफी मदद मिलेगी। लगातार दो दिनों से हो रही वर्षा को लेकर किसान काफी खुश नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि बारिश से जहां गोवंश के लिए चारे की व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं खेती की तैयारियां भी समय पर शुरू की जा सकेंगी।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के सेवकी कला,बिराई और बुचेटी सहित आसपास के इलाकों में जमकर ओलावृष्टि भी हुई। बताया जा रहा है कि सेवकी कला में सेव (सेब) के आकार के ओले गिरे, जबकि बिराई क्षेत्र में बैर के आकार के ओले गिरने की सूचना है। ओलावृष्टि और अच्छी बारिश से क्षेत्र में मौसम पूरी तरह बदल गया तथा किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply