Advertisement

राजस्थान में फिर बढ़ेगी गर्मी, 9 मई से लू का नया दौर शुरू होने के आसार

blank

जयपुर। राजस्थान में पिछले दिनों हुई आंधी-बारिश के बाद अब मौसम फिर से गर्म होने लगा है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा और तेज धूप के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

blank

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में 9 मई से हीटवेव यानी लू का नया दौर शुरू हो सकता है। आगामी दिनों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि भरतपुर और धौलपुर जिलों में तेज हवाओं और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान फलोदी में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर में 42.2, बाड़मेर में 41.8, पाली और जोधपुर में 40.3 तथा बीकानेर में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर क्षेत्रों में दिनभर हल्की धूलभरी हवाएं चलती रहीं।

राजधानी जयपुर में दिनभर तेज धूप खिली रही और अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में करीब दो डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में जयपुर का तापमान 41 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। गर्मी के असर को कम करने के लिए नगर निगम ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पानी का छिड़काव कराया।

अजमेर में लोग गर्मी से राहत पाने के लिए वाटर पार्क और ठंडी जगहों का सहारा लेते नजर आए। वहीं उदयपुर में दिन के समय गर्मी का असर बढ़ा, लेकिन रात का मौसम सुहावना बना रहा। अलवर में हालिया बारिश और ओलावृष्टि के बाद मिली राहत अब खत्म होने लगी है और उमस बढ़ रही है।blank

सीकर में पिछले छह दिनों से चल रहा आंधी-बारिश का दौर थम गया है, जिसके बाद तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। कोटा में पिछले दिनों हुई बारिश के कारण हल्की ठंडक बनी हुई है। यहां नगर निगम ने एंटी स्मॉग गन के जरिए सड़कों पर पानी का छिड़काव भी कराया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब आंधी-बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होंगी और अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। उत्तर-पूर्वी राजस्थान में अगले दो से तीन दिन हल्की बारिश और मेघगर्जन की संभावना है, लेकिन इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।

blank

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *