देवस्थान विभाग की पहल के तहत मुख्यमंत्री का संदेश, श्रीफल, शॉल एवं दक्षिणा भेंट की गई
बावड़ी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजस्थान सरकार एवं देवस्थान विभाग की ओर से प्रदेशभर के प्रमुख मंदिरों एवं मठों में संत-महात्माओं को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की ओर से शुभकामना संदेश, श्रीफल, शॉल एवं गुरु दक्षिणा भेंट की जा रही है।
इसी क्रम में जोधपुर जिले की रामस्नेही सुखराम महाराज संप्रदाय की मुख्य पीठ रामधाम चौकी बिराई में मुख्यमंत्री की ओर से शुभकामना संदेश एवं गुरु भेंट पहुंचाई गई। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में बावड़ी के नायब तहसीलदार गिरिराज राणावत तथा भारतीय जनता पार्टी देहात जोधपुर के जिला उपाध्यक्ष जयकिशन पंचारिया रामधाम बिराई पहुंचे और संतों का माल्यार्पण कर सम्मान किया।

इस अवसर पर रामस्नेही संप्रदाय के पीठाधीश्वर स्वामी सुंदरदास महाराज चातुर्मास कार्यक्रम के लिए कोलकाता प्रवास पर होने के कारण उपस्थित नहीं थे। उनके स्थान पर साधु चरणदास महाराज ने मुख्यमंत्री द्वारा भेजी गई गुरु भेंट, शुभकामना संदेश, श्रीफल, शॉल एवं दक्षिणा सामग्री को श्रद्धापूर्वक स्वीकार किया।
साधु चरणदास महाराज ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि उनके द्वारा भेजी गई गुरु पूर्णिमा की भेंट एवं शुभकामना संदेश स्वामी सुंदरदास महाराज तक अवश्य पहुंचा दिए जाएंगे।

इस दौरान नायब तहसीलदार गिरिराज राणावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गुरु पूर्णिमा पर भेजा गया शुभकामना संदेश उपस्थित श्रद्धालुओं को पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संतजन उपस्थित रहे और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपने गुरुओं का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। गुरु को भारतीय संस्कृति में वह दिव्य स्वरूप माना गया है, जो शिष्य को आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान कर जीवन के अज्ञान रूपी अंधकार को दूर करता है और मोक्ष के मार्ग का पथप्रदर्शन करता है।

Leave a Reply