Advertisement

बिराई के चटाला धाम में बाबा रामदेव का भादवा बीज मेला कल, भव्य जागरण और महाप्रसादी का आयोजन

blank

भादवा बीज पर उमड़ेगी आस्था की भीड़, सुबह 5:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में मंगला आरती से होगा मेले का शुभारंभ

बावड़ी। पंचायत समिति बावड़ी क्षेत्र के बिराई गांव स्थित चटाला धाम में लोक देवता बाबा रामदेव महाराज का भादवा बीज मेला कल श्रद्धा और आस्था के साथ भरेगा। मेले को लेकर बाबा रामदेव सेवा समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं के बाबा रामदेव महाराज के दर्शन करने पहुंचने की संभावना है।

बाबा रामदेव सेवा समिति के हनुमानराम सांखला ने बताया कि मेले से एक दिन पूर्व आज शाम बाबा रामदेव महाराज का जमा एवं भव्य जागरण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद कल सुबह 5:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में मंगल आरती के साथ भादवा बीज मेले का शुभारंभ होगा। इसके बाद पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों और दर्शन का सिलसिला जारी रहेगा।

blank

प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुतियों से गूंजेगा चटाला धाम

बाबा रामदेव मेले के दौरान भक्तिमय माहौल बनाने के लिए विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें जोधपुर के प्रसिद्ध भजन गायक रामकिशोर दाधीच एवं भगवान माली एंड पार्टी द्वारा बाबा रामदेव जी के भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

भजन संध्या में बाबा के जयकारों और भक्ति संगीत की सरिता से पूरा चटाला धाम भक्तिमय माहौल में सराबोर रहेगा। श्रद्धालु रातभर भजनों का आनंद लेते हुए बाबा रामदेव महाराज की भक्ति में लीन रहेंगे।

मेले में श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था

हनुमानराम सांखला ने बताया कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दर्शन के लिए विशेष लाइन और व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे व्यवस्थित लाइनों के माध्यम से ही दर्शन करें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

सेवा समिति और कार्यकर्ताओं द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

blank

भादवा बीज पर होगा महाप्रसादी का आयोजन

बाबा रामदेव महाराज के भादवा बीज मेले में श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाप्रसादी का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध दाल-बाटी-चूरमा विशेषज्ञ मेघाराम देवड़ा द्वारा विशेष पारंपरिक मारवाड़ी दाल-बाटी-चूरमा का प्रसाद तैयार किया जाएगा।

सेवा समिति के अनुसार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की जाएगी। इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि बाबा के दर्शन के लिए आने वाले सभी भक्त प्रसादी ग्रहण कर सकें।

आस्था और विश्वास का केंद्र बना चटाला धाम

बिराई स्थित चटाला धाम का बाबा रामदेव मंदिर क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र बन चुका है। भादवा बीज के अवसर पर पंचायत समिति बावड़ी और भोपालगढ़ क्षेत्र के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

मेले के दौरान नर-नारी और बच्चे उत्साह के साथ बाबा के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचते हैं। कई श्रद्धालु पैदल यात्रियों के रूप में भी बाबा के दरबार में पहुंचकर दर्शन करते हैं। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए बाबा रामदेव महाराज की भक्ति में सराबोर नजर आते हैं।

जानकारी के अनुसार भादवा बीज के अवसर पर आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु चटाला धाम पहुंचते हैं। हर वर्ष करीब 50 हजार के आसपास श्रद्धालुओं के बाबा रामदेव महाराज के दर्शन करने पहुंचने है।

श्रद्धालु बाबा के दरबार में क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना करते हुए बाबा का आशीर्वाद लेते हैं।

कम बारिश के बावजूद नहीं कम हुई श्रद्धालुओं की आस्था

इस वर्ष क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम बारिश होने के कारण चटाला धाम स्थित बाबा की पर्चा नदी पूरी तरह खाली नजर आ रही है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास में कोई कमी नहीं आई है।

आस्था की डोर हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं को बाबा रामदेव महाराज के दरबार तक खींच लाएगी। पंचायत समिति बावड़ी और भोपालगढ़ क्षेत्र के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु बाबा के जयकारों के साथ चटाला धाम पहुंचकर दर्शन लाभ लेंगे।

कल चटाला धाम में भादवा बीज के अवसर पर आस्था, भक्ति और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *