जोधपुर नगर निगम में परिसीमन के बाद 160 से घटकर 100 हुए वार्ड; बिलाड़ा और पीपाड़ सिटी में भी बदला आरक्षण समीकरण
पंचायत से क्रमोन्नत होकर बनी नई नगर पालिकाओं में पहली बार होंगे निकाय चुनाव, भोपालगढ़, बालेसर, तिंवरी और मथानिया में तय हुआ अध्यक्ष पद का आरक्षण; बालेसर में ओबीसी महिला और मथानिया में एससी महिला सीट आरक्षित

जोधपुर। जोधपुर नगर निगम के आगामी निकाय चुनाव में मेयर पद के लिए किसी वर्ग का आरक्षण नहीं होगा। 12 साल बाद एक बार फिर मेयर पद अनारक्षित रखा गया है। इससे पहले वर्ष 2009 में निकली लॉटरी में मेयर पद अनारक्षित था और उस दौरान रामेश्वर दाधीच मेयर बने थे। इसके बाद वर्ष 2014 में भी मेयर पद के लिए आरक्षण नहीं था और घनश्याम ओझा मेयर बने थे। अब वर्ष 2026 के निकाय चुनाव में भी मेयर पद अनारक्षित रहेगा।
एससी वर्ग के लिए 10 सीटें आरक्षित
नगर निकाय के नए परिसीमन के बाद एससी वर्ग के लिए 10 सीटें आरक्षित की गई हैं। इनमें सरणका, मायाड़ा जंक्शन, मंडोर, धोरीमन्ना, मथानिया, सिंघासनी, समदड़ी, सोजत रोड सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। वहीं मथानिया और धोरीमन्ना में एससी वर्ग के लिए महिला सीट आरक्षित रहेगी।
160 वार्ड घटकर 100 हुए
परिसीमन से पहले जोधपुर नगर निगम में 160 वार्ड थे। नगर निगम के उत्तर और दक्षिण हिस्सों को मिलाकर अब एक नगर निगम बनाया गया है और वार्डों की संख्या घटकर 100 हो गई है। परिसीमन में लूणी विधानसभा क्षेत्र के कुछ हिस्सों के साथ राजस्व गांव पाल (पूर्व) को भी शामिल किया गया है। नए वार्डों में मतदाताओं की संख्या में भी काफी अंतर है।
बिलाड़ा और पीपाड़ सिटी में बदला आरक्षण समीकरण
जोधपुर जिले की बिलाड़ा और पीपाड़ सिटी नगर पालिकाओं में भी इस बार आरक्षण का समीकरण बदला है। पिछले चुनाव में बिलाड़ा में अध्यक्ष पद अनारक्षित था, जबकि इस बार ओबीसी महिला सीट आरक्षित हुई है। पीपाड़ सिटी में इस बार ओबीसी महिला के लिए सीट आरक्षित की गई है।
पंचायत से नगरपालिका बनी जगहों पर पहली बार होंगे चुनाव

जोधपुर जिले में पंचायत से क्रमोन्नत होकर नगर पालिका बनी भोपालगढ़, बालेसर, तिंवरी और मथानिया में पहली बार निकाय चुनाव होंगे। बालेसर में अध्यक्ष पद ओबीसी महिला और मथानिया में एससी महिला के लिए आरक्षित है। वहीं भोपालगढ़ में अध्यक्ष पद ओबीसी और तिंवरी में एसपी वर्ग के लिए आरक्षण तय किया गया है।

Leave a Reply