जयपुर/जोधपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने आगामी निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस की रणनीति और टिकट वितरण पर बड़ा संदेश दिया है। जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के वॉर रूम में मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने कहा कि टिकट वितरण सिफारिश के आधार पर नहीं, बल्कि जमीनी पकड़ और जीतने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए।
सिफारिश नहीं, मेरिट के आधार पर टिकट देने की पैरवी
गहलोत ने कहा कि किसी भी उम्मीदवार को केवल किसी नेता की सिफारिश के आधार पर टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने पर्यवेक्षकों से स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर उम्मीदवार की जीतने की क्षमता और कार्यकर्ताओं के बीच उसकी पकड़ को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि चाहे सिफारिश वह स्वयं करें या कोई अन्य वरिष्ठ नेता, स्थानीय कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों को क्षेत्र की वास्तविक स्थिति की ज्यादा जानकारी होती है। इसलिए टिकट का आधार जमीनी पकड़, पार्टी के प्रति समर्पण और जीतने की क्षमता होना चाहिए।

सरकार के ढाई साल के कामकाज पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार पर शहरी विकास को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई कई योजनाएं मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बंद या ठप पड़ी हैं।
गहलोत ने 500 रुपये में पट्टे देने की प्रक्रिया और शहरी रोजगार गारंटी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान इन योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला था। उन्होंने कहा कि शहरों में रोजगार उपलब्ध कराने वाली योजना मनरेगा की तर्ज पर शुरू की गई थी, लेकिन उसे बंद कर दिया गया।
50 फीसदी से ज्यादा टिकट युवाओं को देने की पैरवी
निकाय चुनाव में युवाओं को टिकट देने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि वह 50 प्रतिशत से अधिक टिकट जेन-जी और युवा पीढ़ी को दिए जाने के पक्ष में हैं।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी तेजी से आगे बढ़ रही है और राजनीति में भी युवाओं की भागीदारी बढ़नी चाहिए। हालांकि, उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ लेते हुए उन्हें साथ रखने की जरूरत पर भी जोर दिया।
कांग्रेस की विचारधारा से युवाओं को जोड़ने पर जोर
गहलोत ने कहा कि युवाओं को पार्टी में अवसर देने के साथ उन्हें कांग्रेस की विचारधारा और इतिहास से भी जोड़ना जरूरी है। उन्होंने गांधीजी के विचारों, डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान तथा जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद और सरदार पटेल के योगदान का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। यदि टिकट वितरण में जमीनी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी गई और सही उम्मीदवारों का चयन हुआ तो पार्टी को इसका बड़ा फायदा मिल सकता है।
निकाय चुनाव में जीत का दावा
गहलोत ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल अच्छा है और सरकार के ढाई साल के कार्यकाल को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर निकाय चुनाव लड़ेगी और पार्टी इन चुनावों में मजबूत प्रदर्शन करते हुए भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।

Leave a Reply