Advertisement

सांसद खेल महोत्सव 2025 का ऐतिहासिक समापन, जोधपुर बना देश में दूसरा सबसे बड़ा केंद्र

1

खेल, संस्कृति और राष्ट्रभाव के संगम के साथ गौशाला मैदान में हुआ समापन समारोह,फिट इंडिया ही हिट इंडिया है, भारत खेलेगा तो भारत खिलेगा– गजेंद्र सिंह शेखावत

जोधपुर । सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य समापन समारोह गुरुवार को जोधपुर के क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में भारतीय खेल संस्कृति, राष्ट्रभावना और सामूहिक उत्साह का अद्भुत मेल देखने को मिला। उद्घाटन ध्वजारोहण, मशाल रिले, मार्च-पास्ट और अभिमुख प्रयाण के साथ हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने अनुशासन, एकता और खेल भावना का प्रेरक प्रदर्शन किया।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर खिलाड़ियों और जनसमुदाय को संबोधित किया।

पारंपरिक खेलों से मजबूत होती जड़ें, ऊँचाइयों की ओर बढ़ता भारत
मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने समारोह में कहा कि राजस्थान के खिलाड़ियों ने न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन किया है। सांसद खेल महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने का अभियान है।”

उन्होंने यह भी कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र ‘फिट इंडिया, हिट इंडिया’ और ‘भारत खेलेगा तो भारत खिलेगा’ आज यहां साकार होता दिखाई दे रहा है।” शेखावत ने खिलाड़ियों के अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास को स्वस्थ भारत की आधारशिला बताया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भरा हुआ समारोह
समारोह के दौरान वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें डॉ. प्रेम भंडारी और विरासत कल्चरल सोसायटी, धनोरा (पंजाब) द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों ने आयोजन को और भी गौरवमयी बना दिया।

संसदीय क्षेत्र जोधपुर ने दर्ज की ऐतिहासिक उपलब्धि
समारोह में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने आयोजन से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस बार सांसद खेल महोत्सव 2025 में 1,30,056 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया। जोधपुर संसदीय क्षेत्र ने देशभर में भागीदारी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस महोत्सव में कुल 8 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिनमें कबड्डी, फुटबॉल, खो-खो, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, रस्साकशी, एथलेटिक्स और योगासन शामिल हैं।

उपस्थित गणमान्य व्यक्ति और खिलाड़ियों की भागीदारी
समारोह में सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, शहर विधायक अतुल भंसाली, फलौदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, पूर्व राज्यमंत्री प्रो. महेंद्र सिंह राठौड़, ज्योति ज्याणी और जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त श्री उत्साह चौधरी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *