भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज Yashasvi Jaiswal और महिला टीम की स्टार ओपनर Shafali Verma को राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) की ओर से नोटिस जारी किया गया है। दोनों खिलाड़ियों पर डोप टेस्ट के लिए उपलब्ध न रहने का आरोप लगा है, जिसके बाद खेल जगत में हलचल तेज हो गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाडा अधिकारियों ने खिलाड़ियों द्वारा दिए गए लोकेशन पर पहुंचकर डोप टेस्ट कराने की कोशिश की थी, लेकिन दोनों खिलाड़ी वहां मौजूद नहीं मिले। इसी वजह से एजेंसी ने उन्हें “व्हेयरअबाउट फेल्योर” के तहत नोटिस भेजा है।
नाडा के नियमों के अनुसार, यदि कोई खिलाड़ी 12 महीनों के भीतर तीन बार डोप टेस्ट मिस करता है या तय स्थान पर उपलब्ध नहीं मिलता, तो उसे डोपिंग नियमों के उल्लंघन का दोषी माना जा सकता है। ऐसी स्थिति में खिलाड़ी को नाडा के पैनल के सामने अपनी सफाई पेश करनी पड़ती है। यदि खिलाड़ी अपनी दलील साबित करने में असफल रहता है, तो उस पर दो साल तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

जानकारी के अनुसार, इस मामले की सूचना Board of Control for Cricket in India (BCCI) और International Cricket Council (ICC) को भी दे दी गई है। दोनों खिलाड़ियों को अपनी सफाई देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है।
फिलहाल यह मामला शुरुआती स्तर पर है और दोनों खिलाड़ियों को अपनी स्थिति स्पष्ट करने का अवसर मिलेगा। हालांकि, अब उन्हें भविष्य में डोप टेस्ट से जुड़े नियमों का अधिक सावधानी से पालन करना होगा। अगर आगे भी दो बार टेस्ट मिस होने की रिपोर्ट आती है, तो दोनों खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगने का खतरा बढ़ सकता है।

Yashasvi Jaiswal हाल के समय में भारतीय टेस्ट टीम के अहम बल्लेबाज बनकर उभरे हैं, जबकि Shafali Verma महिला क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं। ऐसे में यह मामला भारतीय क्रिकेट के लिए भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply