Advertisement

सांसद खेल महोत्सव: ग्रामीण और शहरी मैदानों में छाया जोश और उत्साह

blank

जोधपुर।जोधपुर संसदीय क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को लूणी ब्लॉक की ग्राम पंचायतों — भाचरना, मोगड़ा कल्ला, नया सजाडा, पाल, सालावास, सांगरिया, सतलाना और शिकारपुरा-तनावड़ा में ग्राम स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएँ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुईं।

ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, योगासन एवं फन गेम्स में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने जोश और ऊर्जा के साथ भाग लिया। खिलाड़ियों ने अपनी श्रेष्ठ प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की सराहना बटोरी।

शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भी छाया उत्साह


शहरी क्षेत्र में भी सांसद खेल महोत्सव की धूम रही। जोधपुर, सूरसागर और सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्रों में UCEO एवं वार्ड-वार प्रतियोगिताएँ क्रमशः शाला क्रीड़ा संगम केंद्र, आदर्श विद्या मंदिर केशव परिसर तथा अमृतलाल स्टेडियम चैनपुरा में आयोजित हुईं।


इन प्रतियोगिताओं में 19 वर्ष से कम और 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और शानदार प्रदर्शन किया।

ब्लॉक स्तर पर होंगी व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाएँ
प्रतियोगिताओं के समापन पर जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को परितोषिक प्रदान किए।
ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाली एथलेटिक्स की व्यक्तिगत स्पर्धाओं में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर और 3000 मीटर दौड़ शामिल होंगी।
टीम खेलों में फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और टग ऑफ वॉर जैसी स्पर्धाएँ आयोजित की जाएँगी।
इसके साथ ही 19 वर्ष से कम और 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए फन गेम्स भी रखे गए हैं।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा (IAS) के निर्देशन में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सभी संबंधित अधिकारीगणों के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खेल महोत्सव की तैयारियाँ युद्धस्तर पर चल रही हैं।
यह महोत्सव न केवल युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को जिला एवं राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *