जोधपुर। फाल्गुन मास की बड़ी त्रयोदशी के पावन अवसर पर महाशिवरात्रि पर्व शहरभर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। सुबह से ही शिव मंदिरों में “हर-हर महादेव” के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी। श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव का अभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
महाशिवरात्रि के दिन शिवालयों में सुबह से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा। चार प्रहर की विशेष पूजा के दौरान भगवान शंकर का दुग्ध, जल, बेलपत्र और विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया। मंदिरों में भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शहर के प्राचीन कर्णेश्वर महादेव मंदिर सहित विभिन्न शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं भोपालगढ़ क्षेत्र के मंदिरों में भी दिनभर भक्तों की भीड़ रही। बावड़ी स्थित शिव मंदिर में विशेष सजावट की गई और भक्तों ने लंबी कतारों में खड़े होकर दर्शन किए।
रात्रि में चारों प्रहर की पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। मंदिर परिसरों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए थे।


Leave a Reply