Advertisement

ग्रामीण प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन, अब ब्लॉक स्तरीय मुकाबलों की तैयारी

blank

जोधपुर। जोधपुर संसदीय क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत रविवार को लूणी ब्लॉक की ग्राम पंचायत खारा बेरा पुरोहितान एवं गुड़ा बिश्नोइयान में ग्राम स्तरीय खेल प्रतियोगिताएँ उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुईं।

ग्राम पंचायत स्तर पर खिलाड़ियों का जोश और ऊर्जा चरम पर


ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, योगासन एवं फन गेम्स में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों का जोश देखने योग्य रहा। ग्रामीण युवाओं ने पूरे हौसले और टीम भावना के साथ भाग लेते हुए अपनी श्रेष्ठ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में अतिथियों द्वारा विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें आगामी चरण के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।

14 से 17 नवम्बर : ब्लॉक एवं शहरी क्षेत्र में होगा बड़ा मुकाबला
ग्राम पंचायत स्तर से चयनित विजेता खिलाड़ी अब 14 नवम्बर से शुरू होने वाली ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। जोधपुर जिले के सभी 17 ब्लॉकों एवं शहरी क्षेत्र की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में यह प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी।

ब्लॉक स्तर पर होंगी ये प्रतियोगिताएँ


ब्लॉक स्तर पर व्यक्तिगत खेलों में एथलेटिक्स की 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर एवं 3000 मीटर दौड़ें आयोजित की जाएँगी। योगासन में ग्राम पंचायत स्तर से विजेता खिलाड़ी ब्लॉक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे। टीम खेलों में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, टग ऑफ़ वॉर तथा महिला एवं पुरुष वर्गों में 19 वर्ष से कम एवं 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के फन गेम्स आयोजित होंगे।

प्रशासन की समन्वित तैयारी और ग्रामीण उत्साह


जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सभी संबंधित अधिकारी खेल महोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं। यह आयोजन न केवल ग्रामीण और शहरी युवाओं में खेल भावना एवं स्वास्थ्य जागरूकता को प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि छुपी हुई प्रतिभाओं को जिला एवं राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *