डीएमएस पोर्टल पर असल किसानों के नाम हटा कर फर्जी नाम जोड़े गए, रिश्वत न देने वालों को धमकियां
बावड़ी । भारतीय किसान संघ ने जोधपुर जिले के बावड़ी उपखंड क्षेत्र के भवाद और अणवाणा ग्राम पंचायतों में पदस्थ पटवारी भेराराम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भवाद और अणवाणा ग्राम पंचायतों के पटवारी भेराराम द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि खरीफ संवत 2082 के दौरान पटवारी ने डीएमएस पोर्टल पर जानबूझकर वास्तविक किसानों के नाम हटा कर फर्जी नाम दर्ज किए और कई किसानों के नाम दो-तीन बार जोड़कर सरकारी आंकड़ों में हेराफेरी की। इसके परिणामस्वरूप असल और पात्र किसान आदान अनुदान से वंचित रह गए।
भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री मेघाराम तरङ ने बताया कि पटवारी ने आदान अनुदान में नाम जोड़ने के बदले रिश्वत की मांग की और जिन किसानों ने रिश्वत नहीं दी, उनके नाम सूची से हटा दिए गए। भ्रष्टाचार का विरोध करने वाले किसानों को धमकाने की भी घटनाएं सामने आई हैं। इन आरोपों ने प्रशासन की निष्क्रियता और सरकार की किसान-हितैषी योजनाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं।
भारतीय किसान संघ की मुख्य मांगें:
- डीएमएस पोर्टल प्रविष्टियों की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- दोषी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की जाए।
- रिश्वतखोरी की मामले की एसीबी से जांच करवाई जाए।
- वंचित किसानों के नाम तत्काल सही सूची में जोड़े जाएं और आदान अनुदान का लाभ दिया जाए।
- दोषी अधिकारी को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की जाए।
भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कोई कार्रवाई नहीं की, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान तहसील अध्यक्ष मकानाराम छापरिया, तहसील मंत्री भगवान सिंह, रिछपाल सिंह, भाजपा बावड़ी मंडल अध्यक्ष रामदीन ग्वाला, धनारी मंडल अध्यक्ष प्रकाश सोनी, नाथु सिंह अणवाणा, महेंद्र सिंह, हुकम सिंह भाटी, सत्यनारायण, रणबीर सिंह सहित ग्राम इकाई अणवाणा एवं तहसील कार्यकारिणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Leave a Reply