Advertisement

फसल बीमा दावों के सामूहिक निरस्तीकरण पर भड़के किसान, बावड़ी एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

blank

बावड़ी (जोधपुर)।भारतीय किसान संघ, जिला जोधपुर के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी 2026 सीजन में बीमा कंपनी द्वारा किसानों की इंडिविजुअल सर्वे शिकायतों को सामूहिक रूप से निरस्त किए जाने के विरोध में उपखंड अधिकारी, बावड़ी को ज्ञापन सौंपा।

blank

जिला मंत्री मेघाराम तरड़, तहसील अध्यक्ष मुकनाराम छापरिया एवं मोडाराम ग्वाला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान उपखंड कार्यालय पहुंचे और जोरदार विरोध दर्ज कराया। किसानों ने आरोप लगाया कि बीमा कंपनी ने बिना किसी व्यक्तिगत जांच और सत्यापन के पूरे जिले के दावों को एक साथ खारिज कर दिया, जो पूरी तरह मनमाना और अन्यायपूर्ण है।

किसानों ने बताया कि बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण उनकी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में राहत देने के बजाय दावों को खारिज करना किसानों के साथ बड़ा अन्याय है, जिससे उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है।

blank

ज्ञापन के माध्यम से भारतीय किसान संघ ने प्रशासन के जरिए सरकार से प्रमुख मांगें रखीं—

  • निरस्त की गई सभी शिकायतों की पुनः निष्पक्ष व व्यक्तिगत जांच करवाई जाए
  • बीमा कंपनी के सामूहिक निरस्तीकरण आदेश को तुरंत रद्द किया जाए
  • पात्र किसानों को वास्तविक नुकसान के अनुसार शीघ्र मुआवजा दिया जाए
  • जिम्मेदार अधिकारियों व बीमा कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए

संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बीमा कंपनी की होगी।

अंत में किसानों ने उपखंड अधिकारी को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *