400 मीटर में गोल्ड, 100 मीटर में सिल्वर और लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया
श्रीगंगानगर । 15वीं राजस्थान सीनियर स्टेट पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025-26 में जोधपुर जिले की बावड़ी तहसील के गांव बिराई निवासी पैरा एथलीट सुभाष चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में सुभाष ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 100 मीटर दौड़ में रजत पदक और लॉन्ग जंप में कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया।
इस सफलता का श्रेय सुभाष चौधरी ने अपने माता-पिता और अपने कोच सुनील कुमार साहू को दिया है। कोच सुनील कुमार साहू ने सुभाष को निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया, निरंतर मोटिवेट किया, सही मार्गदर्शन दिया और हर कठिन परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया, जिसका परिणाम आज पदकों के रूप में सामने आया।
कोच सुनील कुमार साहू ने बताया कि सुभाष में शुरू से ही कड़ी मेहनत और अनुशासन की भावना रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद उसने कभी हार नहीं मानी और लगातार अभ्यास करता रहा।
सुभाष चौधरी का सपना है कि वह भविष्य में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेले और देश का नाम रोशन करे। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है और खेल प्रेमियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


Leave a Reply