जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले में 24 नवम्बर से 5 दिसम्बर 2025 तक आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। राज्य खेल परिषद की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार, जोधपुर को योगासन और टेबल टेनिस की मेज़बानी का जिम्मा सौंपा गया है। इन खेलों में कुल 569 प्रतिभागी भाग लेंगे, और यह आयोजन जोधपुर के चैनपुरा इंडोर स्टेडियम में होगा।
जिला खेल अधिकारी भरतसिंह गुर्जरने बताया कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में योगासना और दूसरे चरण में टेबल टेनिस प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी।
पहला चरण: योगासना (25-27 नवम्बर 2025)
पहले चरण में 25 से 27 नवम्बर तक योगासना प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 216 प्रतिभागी भाग लेंगे, जिनमें 96 खिलाड़ी और 120 तकनीकी स्टाफ शामिल हैं। सभी प्रतिभागी 23 नवम्बर को जोधपुर पहुंचेंगे। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन 24 नवम्बर को जयपुर में किया जाएगा। जोधपुर में स्थानीय कार्यक्रमों में माननीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। 27 नवम्बर को चैनपुरा इंडोर स्टेडियम में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
दूसरा चरण: टेबल टेनिस (30 नवम्बर – 3 दिसम्बर 2025)
दूसरे चरण में 30 नवम्बर से 3 दिसम्बर तक टेबल टेनिस प्रतियोगिता होगी, जिसमें 423 प्रतिभागी भाग लेंगे, जिनमें 160 खिलाड़ी और 263 तकनीकी स्टाफ शामिल हैं। सभी प्रतिभागी 28 नवम्बर को जोधपुर पहुंचेंगे। यह आयोजन जिले में खेल उत्सव का माहौल पैदा करेगा और खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा।
तैयारियाँ और व्यवस्थाएँ
चैनपुरा इंडोर स्टेडियम में खेल उपकरण, मैट्स, टेबल्स, सीटिंग, तकनीकी सुविधाएँ, लॉजिस्टिक सपोर्ट, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के आवास, भोजन, परिवहन और चिकित्सकीय सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न प्रबंधन समितियाँ भी गठित की गई हैं।
खेल पर्यटन और संस्कृति में बढ़ावा
इस बड़े राष्ट्रीय आयोजन के जरिए जोधपुर में खेल पर्यटन और खेल संस्कृति को नया आयाम मिलेगा। 569 प्रतिभागियों का आगमन न केवल खेलों को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। जिला खेल अधिकारी ने कहा कि यह आयोजन जोधपुर के लिए युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने और जिले की खेल पहचान को मजबूत करने का ऐतिहासिक अवसर होगा।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 के माध्यम से जोधपुर को एक प्रमुख खेल केंद्र के रूप में पहचान मिल सकती है, और यह आयोजन आने वाले समय में इस क्षेत्र के लिए एक नए युग की शुरुआत हो सकता है।


Leave a Reply