रिकॉर्ड डिस्बर्समेंट, 238% बढ़ा मुनाफा, एसेट क्वालिटी भी हुई मजबूत
नई दिल्ली। बैंकिंग सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। बैंक ने रिकॉर्ड लोन डिस्बर्समेंट, मजबूत डिपॉजिट ग्रोथ और सिक्योर्ड लोन पोर्टफोलियो में उल्लेखनीय बढ़त के साथ संतुलित विकास का उदाहरण पेश किया है।
बैंक की ग्रॉस लोन बुक सालाना आधार पर 26.6% बढ़कर 40,655 करोड़ रुपए तक पहुँच गई। वहीं, चौथी तिमाही में बैंक ने अब तक का सबसे अधिक तिमाही डिस्बर्समेंट 9,811 करोड़ रुपए दर्ज किया। इस दौरान बैंक का शुद्ध लाभ 238.2% की तेज़ बढ़त के साथ 282 करोड़ रुपए रहा।
बैंक के डिपॉजिट्स भी 21.4% बढ़कर 45,668 करोड़ रुपए तक पहुँच गए, जबकि CASA अनुपात बढ़कर 28.6% हो गया। सिक्योर्ड लोन बुक में 43.5% की वृद्धि दर्ज की गई और यह 20,079 करोड़ रुपए तक पहुँच गई। कुल लोन बुक में इसकी हिस्सेदारी अब 49.4% हो चुकी है।
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के एमडी एवं सीईओ संजीव नौटियाल ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती दिखा रही है और आरबीआई के अनुसार वित्त वर्ष 2026-27 में इसके 6.9% की दर से बढ़ने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मजबूत घरेलू मांग, सरकारी पहल और पर्याप्त लिक्विडिटी इस वृद्धि को समर्थन दे रहे हैं।
हालाँकि उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, सप्लाई चेन में बाधाओं और सुपर एल नीनो जैसी मौसम संबंधी परिस्थितियों को संभावित जोखिम बताया, जो महँगाई को बढ़ा सकते हैं।
बैंक ने गोल्ड लोन, व्हीकल लोन और एग्री लोन जैसे नए बिजनेस सेगमेंट्स में भी तेज़ विस्तार दर्ज किया है। साथ ही एसेट क्वालिटी में सुधार जारी रखते हुए बैंक का जीएनपीए घटकर 2.27% और एनएनपीए 0.43% पर आ गया है, जो बैंक की मजबूत वित्तीय स्थिति को दर्शाता है।


Leave a Reply