पीएम मोदी का उज्बेकिस्तान दौरा: ताशकंद पहुंचने पर राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने किया भव्य स्वागत
नई दिल्ली/ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने चार दिवसीय मध्य एशिया दौरे के तहत उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के बाद दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर एयरपोर्ट से रवाना हुए।
व्यापार से लेकर रक्षा और ऊर्जा तक सहयोग पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के बीच ताशकंद में उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। दोनों नेता भारत के ‘विकसित भारत 2047’ और उज्बेकिस्तान के ‘विजन 2030’ के तहत आपसी साझेदारी के नए अवसरों पर भी विचार करेंगे।
लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल जाएंगे पीएम मोदी
ताशकंद प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के मेमोरियल पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा वे महात्मा गांधी सेंटर का भी दौरा करेंगे। भारत और उज्बेकिस्तान के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को देखते हुए पीएम मोदी का यह दौरा अहम माना जा रहा है।

चार साल बाद मध्य एशिया की यात्रा
प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का यह चौथा उज्बेकिस्तान दौरा है। इस यात्रा के जरिए भारत मध्य एशिया के साथ अपने रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
बिश्केक में SCO समिट में होंगे शामिल
उज्बेकिस्तान यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे। यहां वे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की 26वीं शिखर बैठक में हिस्सा लेंगे। भारत वर्ष 2017 से SCO का पूर्ण सदस्य है।
SCO सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई प्रमुख नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें होने की संभावना है। इन बैठकों में क्षेत्रीय, आर्थिक और रणनीतिक मुद्दों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा हो सकती है।

Leave a Reply