नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत GDP ग्रोथ पर देशवासियों को बधाई देते हुए इसे देश की इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक ताकत का परिणाम बताया। मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर संकट और चुनौतियों के बावजूद भारत ने मजबूत आर्थिक विकास दर्ज किया है।
जरूरत न हो तो सोना न खरीदें
प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर देशवासियों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की। उन्होंने कहा, “अगर जरूरत न हो तो सोना नहीं खरीदना चाहिए।” इससे पहले 10 मई को भी प्रधानमंत्री ने लोगों से इसी तरह की अपील की थी।
विपक्ष पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में कुछ लोग निराशा फैलाने और ‘झूठ की गूंज’ के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तमाम चुनौतियों के बीच भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है और अब देश को इस रफ्तार को बनाए रखना होगा।

‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने की अपील
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ‘मेक इन इंडिया’ के मंत्र को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को विदेशों में घूमने और विदेश में शादियां करने के बजाय देश में ही पर्यटन और वैवाहिक आयोजनों को बढ़ावा देना चाहिए। इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय कारोबार को भी लाभ होगा।
वैश्विक संकट के बीच मजबूत अर्थव्यवस्था
पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों में अनिश्चितता के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था ने मजबूत प्रदर्शन किया है। उन्होंने देशवासियों की मेहनत और सामूहिक प्रयासों को इस उपलब्धि का आधार बताते हुए आर्थिक विकास की गति को आगे भी कायम रखने पर जोर दिया।

Leave a Reply