Meta Platforms ने आखिरकार Instagram पर बड़ा बदलाव लागू कर दिया है। कंपनी ने 8 मई 2026 से इंस्टाग्राम डायरेक्ट मैसेज (DMs) के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन (E2EE) सपोर्ट खत्म कर दिया है। इसका मतलब यह है कि अब इंस्टाग्राम पर भेजे जाने वाले मैसेज पहले की तरह पूरी तरह प्राइवेट नहीं रहेंगे।

इंस्टाग्राम पर एन्क्रिप्टेड चैट्स की सुविधा साल 2023 में शुरू की गई थी, जिससे यूजर्स की बातचीत सुरक्षित रहती थी और केवल भेजने वाला और रिसीव करने वाला ही मैसेज देख सकता था। लेकिन अब इस फीचर को बंद किए जाने के बाद यूजर्स की चैट्स पर प्राइवेसी को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
मार्च में ही दी गई थी जानकारी
Meta Platforms ने मार्च 2026 में एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए इस बदलाव की जानकारी दी थी। कंपनी ने कहा था कि जिन यूजर्स की चैट्स इस बदलाव से प्रभावित होंगी, उन्हें अपने मैसेज और मीडिया फाइल्स डाउनलोड करने का विकल्प दिया जाएगा, ताकि वे जरूरत पड़ने पर उनका बैकअप रख सकें।
कंपनी का कहना है कि यह कदम प्लेटफॉर्म की सुरक्षा को मजबूत करने और हानिकारक कंटेंट की पहचान करने के लिए उठाया गया है।
क्यों हटाया गया एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह बच्चों की सुरक्षा और ऑनलाइन अपराधों पर रोक लगाना है। इसी साल मार्च में न्यू मैक्सिको की एक जूरी ने मेटा पर 375 मिलियन डॉलर का जुर्माना लगाया था। कंपनी पर आरोप था कि उसने प्लेटफॉर्म की सुरक्षा को लेकर यूजर्स को गुमराह किया और बाल यौन शोषण से जुड़े कंटेंट को रोकने में पर्याप्त कदम नहीं उठाए।
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन हटने के बाद अब कंपनी जरूरत पड़ने पर मैसेज स्कैन कर सकेगी। इससे CSAM (Child Sexual Abuse Material), ऑनलाइन ग्रूमिंग और अन्य आपत्तिजनक कंटेंट की पहचान करना आसान हो जाएगा।

सरकारों का बढ़ रहा दबाव
अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और यूरोपीय संघ समेत कई देशों की सरकारें लंबे समय से टेक कंपनियों पर दबाव बना रही हैं कि वे प्राइवेट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर अवैध और हानिकारक कंटेंट की निगरानी करें।

Leave a Reply