Advertisement

प्रियांशु जावा बने राजस्थान के बेस्ट लिफ्टर, लगातार तीसरी बार जीता स्वर्ण पदक

blank

17 वर्षीय 56 किलो भार वर्ग में 198 किलो वजन उठाकर हासिल किया प्रथम स्थान, स्नैच में 90 और क्लीन एंड जर्क में 108 किलो उठाया

जोधपुर। 70वीं विद्यालय खेलकूद वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन उदयपुरवाटी, झुंझुनूं जिले में किया गया। प्रतियोगिता में प्रियांशु जावा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 वर्षीय आयु वर्ग के 56 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते समापन समारोह में उन्हें ‘बेस्ट लिफ्टर इन टूर्नामेंट’ के खिताब से भी नवाजा गया।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जोधपुर की महिला उपाध्यक्ष सरिता चौधरी ने बताया कि शारीरिक शिक्षक राजेश मित्तल के मार्गदर्शन में प्रियांशु जावा ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने स्नैच में 90 किलो और क्लीन एंड जर्क में 108 किलो, कुल 198 किलो भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

blank

प्रियांशु जावा पिछले चार वर्षों से शारीरिक शिक्षक एवं प्रशिक्षक राजेश मित्तल की देखरेख में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। कोच महेंद्र पूनिया ने बताया कि जावा लगातार तीसरी बार राजस्थान वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता बने हैं। वर्तमान में वह पावरप्ले स्पोर्ट्स अकैडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन और लगातार सफलता से खेल जगत में खुशी का माहौल है। दल प्रभारी अमित गूंद, अविनाश ओटवाल, शिक्षिका सरिता चौधरी एवं महिला कांस्टेबल रामस्नेही डेलू ने प्रियांशु जावा की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रियांशु की लगातार तीसरी स्वर्णिम सफलता ने यह साबित किया है कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और बेहतर मार्गदर्शन के दम पर राजस्थान के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *