45वीं नॉर्थ जोन 10 मीटर एयर पिस्टल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, नेशनल शूटर के लिए हासिल किया चयन
जोधपुर। उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित 45वीं नॉर्थ जोन 10 मीटर एयर पिस्टल चैंपियनशिप में राजस्थान के जोधपुर जिले के कलावास बिराणी निवासी लवदेव सिंह रावल पुत्र जगदीश सिंह रावल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाजी प्रतियोगिता के लिए चयन हासिल किया है।
लवदेव सिंह रावल की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, लगन और समर्पण का परिणाम है। कम उम्र में निशानेबाजी के क्षेत्र में यह मुकाम हासिल कर उन्होंने अपने परिवार के साथ-साथ जोधपुर और राजस्थान का नाम भी गौरवान्वित किया है।

लवदेव की इस शानदार सफलता पर श्री जवाहर आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, उटांबर के निदेशक मनोहर सिंह राजपुरोहित एवं प्रधानाचार्य श्याम सिंह चौधरी ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने लवदेव की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने कहा कि लवदेव सिंह रावल की सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उनकी मेहनत और निरंतर अभ्यास उन्हें आने वाले समय में निशानेबाजी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
“मेहनत जब जुनून बन जाए, तो सफलता इतिहास रचती है।”

Leave a Reply