खैरथल-तिजारा। विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर खैरथल-तिजारा जिले में विशेष योग्यजनों के लिए एक दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और जिला खेल-कूद प्रशिक्षण केंद्र, खैरथल-तिजारा के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष योग्यजनों की सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना और उन्हें उत्साहित करना था।
राजकीय अम्बेडकर बालक छात्रावास, हरसौली रोड, खैरथल में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर से दिव्यांगजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। प्रतियोगिता में शतरंज, लूडो, कैरम, चैस, संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर उपस्थित मुख्य अतिथि रमेश दहमीवाल (समाज कल्याण अधिकारी), हरवीर सिंह (शारीरिक शिक्षक), संजय कुमार सुथार, गिरीराज यादव, दिनेश दहिया, नीरज भड़ाना, अंकित महावर, सौरभ सिंह, नवीन यादव और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विशेष योग्यजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करना था। यह आयोजन सफलता की ओर एक और कदम था, जिससे दिव्यांगजनों को अपनी प्रतिभा दिखाने और समाज में बराबरी का स्थान प्राप्त करने का अवसर मिला।


Leave a Reply