खैरथल तिजारा/अलवर। जिले के खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण और गर्व का पल सामने आया है। शिक्षा विभाग ने एक बार फिर से जिले की होनहार खेल प्रशिक्षक डॉ. दीपिका अरोड़ा पर विश्वास जताते हुए उन्हें राजस्थान अंडर-19 स्कूली छात्रा वर्ग बास्केटबॉल टीम का चीफ कोच नियुक्त किया है। यह नियुक्ति स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए राजस्थान के निदेशक शिक्षा (बीकानेर) के माध्यम से की गई है।
राजस्थान की अंडर-19 छात्रा बास्केटबॉल टीम आगामी 2 से 6 जनवरी 2026 तक बाड़मेर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय अंडर-19 स्कूल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भाग लेगी, और इस टीम का मार्गदर्शन डॉ. दीपिका अरोड़ा करेंगी।
डॉ. दीपिका अरोड़ा वर्तमान में शिक्षा विभाग में वरिष्ठ पी.टी.आई. के रूप में कार्यरत हैं। यह पांचवीं बार है जब उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में टीम को प्रशिक्षित करने का अवसर मिला है। इससे पहले भी उन्होंने अपनी रणनीतिक सोच और कुशल प्रशिक्षण से टीम को शानदार प्रदर्शन दिलाया है। पिछले साल उनके नेतृत्व में राजस्थान की टीम ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया था।
इस सम्मानजनक अवसर पर महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार सोनी ने कहा, “डॉ. दीपिका अरोड़ा का राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट ट्रैक रिकॉर्ड न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जिले और प्रदेश के लिए भी गर्व की बात है।”
डॉ. दीपिका की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग, विद्यालय परिवार, और खेल जगत से जुड़ी हुई हस्तियों ने उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं और उनके इस योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया है।


Leave a Reply