Advertisement

भारत सरकार के नोडल अधिकारी द्वारा जल शक्ति अभियान की समीक्षा

blank

जिले में संचालित कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा

जोधपुर। जोधपुर जिले में जल शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा हेतु भारत सरकार द्वारा नियुक्त सेंट्रल नोडल अधिकारी महेंद्र कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव, सीएसआईआर एंड डीएसआईआर, वैज्ञानिक एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शुक्रवार को जिला स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जल शक्ति अभियान की शुरुआत वर्ष 2019 में ‘‘जन शक्ति फॉर जल शक्ति’’ की थीम के साथ की गई थी। वर्ष 2025 के लिए ‘‘जल संचय से जन भागीदारी की ओर’’ थीम निर्धारित की गई है। अभियान का शुभारंभ 22 मार्च 2025 को पंचकुला, हरियाणा से किया गया था तथा यह 30 नवंबर 2025 तक संचालित रहेगा। देश के 148 ऐसे जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है, जहां पेयजल उपलब्धता एवं भू-जल स्तर में निरंतर गिरावट की समस्या अधिक है। अभियान की निगरानी हेतु प्रत्येक जिले में सेंट्रल नोडल अधिकारी एवं तकनीकी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

वर्षा जल संग्रहण, संरक्षण और वाटरशेड विकास पर जोर

अभियान के अंतर्गत जोधपुर जिले में अब तक वर्षा जल संग्रहण के 4020 कार्य, पारंपरिक जल स्रोतों के रखरखाव के 364 कार्य तथा वाटरशेड विकास से संबंधित 1235 कार्य (तालाब, एनीकट, टांके, पर्कोलेशन टैंक आदि) पूर्ण किए जा चुके हैं।

बैठक के उपरांत सेंट्रल नोडल अधिकारी द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने केरू ब्लॉक के हेम नगर एवं जोलियली गांव में वर्षा जल संग्रहण कार्यों का अवलोकन किया तथा गांव में आयोजित संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त किए। जोलियली में ग्रामीणों द्वारा गँवायी कालू नाड़ा को पक्का तालाब बनाने का मांग पत्र भी प्रस्तुत किया गया।

समस्याओं की समीक्षा, अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश

सेंट्रल नोडल अधिकारी ने सेखाला ब्लॉक के देड़ा ग्राम में रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग एवं मनरेगा अंतर्गत निर्मित तालाब का निरीक्षण किया। तालाब में जल के तेज रिसाव की समस्या पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

इसके बाद बालेसर ब्लॉक के बस्तवा माताजी गांव में सेंट्रल ग्राउंड वॉटर बोर्ड द्वारा वैपकोस के माध्यम से निर्मित एनीकट एवं चेक डैम का निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्माणाधीन गोतावार डैम का स्थल निरीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया।

बैठक में जिला कलक्टर जोधपुर गौरव अग्रवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जोधपुर आशीष कुमार मिश्रा, अभियान के नोडल अधिकारी भगीरथ बिश्नोई तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *