भोपालगढ़। भोपालगढ़ शहर की पहली बेटी अनीता देवड़ा का भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जैसे ही उनकी सफलता की खबर सामने आई, घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया और लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।
जानकारी के अनुसार अनीता देवड़ा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 644वीं रैंक हासिल कर यह उपलब्धि प्राप्त की है। भोपालगढ़ शहर से यह पहला मौका है जब किसी बेटी ने IAS बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अनीता के पिता श्यामलाल देवड़ा किसान परिवार से संबंध रखते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। अनीता शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उन्होंने 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में भी मेरिट में स्थान प्राप्त किया था। उनकी प्रतिभा को देखते हुए पिता ने उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली भेजा, जहां से उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के साथ UPSC की तैयारी की।
अनीता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा की तैयारी के दौरान वे हर दिन लगभग 14 से 15 घंटे तक नियमित अध्ययन करती थीं। उनका कहना है कि ईमानदारी, लगन और एकाग्रता के साथ लगातार मेहनत करने से ही सफलता मिलती है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी भोपालगढ़ क्षेत्र के कुड़ी गांव के रामभरोस सारण और ममता डुडी IAS बनकर जिला कलेक्टर के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। क्षेत्र से लगातार प्रशासनिक सेवाओं में चयन होने से युवाओं का मनोबल भी बढ़ रहा है।
अनीता देवड़ा के चयन पर पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, भोपालगढ़ सीओ भूराराम खिलेरी, कांग्रेस नेता भेरूलाल देवड़ा, प्रधान शांति राजेश जाखड़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जेपी देवड़ा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सलीम ठेकेदार, उपाध्यक्ष जीवनराम जाखड़ और आरपी भागीरथ कड़वासड़ा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व आमजन ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


Leave a Reply