जोधपुर। पालनहार योजना राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजना है। पालनहार योजना के अंतर्गत अनाथ, विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता, नाता जाने वाली महिला, दिव्यांगजन, एड्स, कुश्ठ रोग, सिलिकोसिस पीड़ित, आजीवन कारावास या मृत्यु दण्ड प्राप्त माता-पिता आदि विभिन्न श्रेणियों के शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों को आर्थिक संबंल प्रदान करने के उद्देश्य से पालनहार योजना का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में जोधपुर शहर एवं मण्डोर ब्लॉक में 3144 पालनहारो के 5066 बच्चे योजना से लाभान्वित हो रहे है। पालनहार योजना का नियमित लाभ प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों को प्रति वर्ष जुलाई माह से नवीनीकरण करवाना अनिवार्य है।
सामाजिक सुरक्षा अधिकारी मण्डोर जोधपुर भजनलाल विश्नोई ने बताया कि पालनहार योजना के लाभार्थियों के शैक्षणिक सत्र् 2025-26 की ऑन-लाईन नवीनीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पालनहार लाभार्थियो के नवीनीकरण के लिये 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आंगनवाड़ी केद्र में वर्ष 2025-26 में पंजीयन या विद्यालय में नियमित अध्ययनरत हो तथा 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का राजकीय या मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय में नियमित अध्ययनरत होना अनिवार्य है।
लाभार्थियों को आंगनवाड़ी केद्र या शिक्षण संस्थान से वर्तमान सत्र् 2025-26 का अध्ययनरत प्रमाण पत्र प्राप्त कर ई-मित्र के माध्यम से ऑन-लाईन वार्षिक नवीनीकरण करवाना होगा। शहरी सेवा शिविर एवं ग्रामीण सेवा शिविर में भी ई-मित्र पर पालनहार योजना का वार्षिक नवीनीकरण करवाया जा सकता है। वार्षिक नवीनीकरण करवाने के लिए जन-आधार कार्ड में बच्चों के प्रोफाइल में मोबाइल नम्बर अपडेट होना अनिवार्य है। उक्त मोबाइल नम्बर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से पालनहार नवीनीकरण में अध्ययनरत प्रमाण पत्र अपलोड किया जा सकेगा।


Leave a Reply