जयपुर । राजस्थान के सांस्कृतिक धरोहर और खुशियों की पहचान ‘पतंगबाजी’ का उत्सव इस बार और भी शानदार तरीके से मनाया जाएगा। 14 जनवरी को जल महल की पाल पर आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय पतंग उत्सव में देश-विदेश के पर्यटक पतंग के पेच लड़ाते हुए दिखाई देंगे।समय: सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक,स्थान: जल महल की पाल, जयपुर
इस उत्सव में न केवल पतंगबाजी का आनंद लिया जाएगा, बल्कि विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। लोक कलाकारों द्वारा नृत्य और संगीत प्रस्तुतियां, पतंग बनाने की विधि का प्रदर्शन और फैंसी पतंगों का आसमान में उड़ते हुए देखना पर्यटकों के लिए एक अद्भुत अनुभव होगा।
इसके अतिरिक्त, परंपरागत व्यंजनों का निशुल्क वितरण किया जाएगा और पर्यटकों को निशुल्क पतंग भी दी जाएगी। साथ ही, पर्यटकों के लिए एक खास आकर्षण के रूप में निशुल्क ऊंट गाड़ी सवारी का भी आयोजन किया जाएगा।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक, उपेंद्र सिंह शेखावत ने इस कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह उत्सव जयपुर के सांस्कृतिक वैभव को प्रस्तुत करने के साथ-साथ, पर्यटकों को एक अनोखा अनुभव देने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
यह उत्सव न केवल पतंगबाजी प्रेमियों के लिए बल्कि उन सभी के लिए एक आदर्श अवसर है जो राजस्थान की लोक कला और परंपराओं से जुड़ने का आनंद लेना चाहते हैं।


Leave a Reply