Advertisement

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं गुरुवार से प्रारंभ

blank

अजमेर । राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं गुरुवार, 12 फरवरी से राज्यभर में प्रारंभ हो रही हैं। इस वर्ष कुल 19 लाख 90 हजार 57 विद्यार्थी इन परीक्षाओं के लिए पंजीकृत किए गए हैं। परीक्षाओं का आयोजन प्रदेशभर में 6,194 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।

बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि इस वर्ष के सेकेंडरी परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 109, सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में 9 लाख 10 हजार 9, प्रवेशिका में 7 हजार 817 और वरिष्ठ उपाध्याय वर्ग में 4 हजार 122 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं।

उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। नकल मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, उड़नदस्तों की तैनाती और विशेष दलों की नियुक्ति की गई है। साथ ही इस साल जिलों में अभय कमांड सेन्टर से भी परीक्षाओं की निगरानी की जाएगी।

बोर्ड सचिव ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन के लिए शिक्षक, केंद्राध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारी समन्वय से कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *