व्यास मेडिसिटी में ‘RAJFMTCON-2025’ का विधिवत शुभारंभ
जोधपुर। संसदीय कार्य विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने शनिवार को जयनारायण व्यास मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के तत्वावधान में व्यास मेडिसिटी में आयोजित तृतीय एनुअल स्टेट कॉन्फ्रेंस ऑफ फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सिकोलॉजी ‘RAJFMTCON-2025’ के शुभारंभ सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दो दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन की थीम ‘क्वालिटी एश्योरेंस इन मेडिको लीगल सर्विसेज’ है।
पटेल ने कहा फॉरेंसिक मेडिसिन न्याय प्रणाली की रीढ़ है, क्योंकि न्यायालय में प्रस्तुत प्रत्येक मेडिको लीगल रिपोर्ट सत्य की स्थापना का आधार बनती है। उन्होंने कहा स्मार्ट पुलिसिंग और न्यायिक प्रक्रिया में फॉरेंसिक साइंस की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा साक्ष्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए वैज्ञानिक पद्धति, मानकीकृत प्रक्रियाएँ और समयबद्ध रिपोर्टिंग आवश्यक हैं।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा एक छोटी सी चूक किसी न्यायिक प्रकरण की दिशा बदल सकती है, इसलिए चिकित्सकों को फॉरेंसिक एविडेंस पूरी सावधानी से एकत्र कर अपराधी को सजा दिलानी चाहिए।
पटेल ने कहा यह सम्मेलन विशेषज्ञों, चिकित्सकों और शोधकर्ताओं के लिए अनुभव साझा करने, नई तकनीकों जैसे डीएनए प्रोफाइलिंग, डिजिटल फॉरेंसिक और टॉक्सिकोलॉजी के आधुनिक आयामों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा ऐसी वैज्ञानिक चर्चाएँ न केवल संस्थागत क्षमताओं को सशक्त बनाती हैं बल्कि जनता के न्याय और अधिकारों की रक्षा में भी अहम भूमिका निभाती हैं।
संसदीय कार्य मंत्री ने युवा चिकित्सकों से आह्वान करते हुए कहा वे अपने पेशे को केवल तकनीकी दृष्टि से नहीं बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी के रूप में भी देखें। उन्होंने कहा उच्च गुणवत्ता वाली मेडिको लीगल सेवाएँ ही जनता के विश्वास को मजबूत करती हैं और न्याय प्रणाली को पारदर्शी एवं विश्वशनीय बनाती है।उन्होंने कहा इस आयोजन से निकले विचार और सुझाव व्यावहारिक कार्ययोजनाओं में परिणत होंगे। जिससे देश भर में मेडिको लीगल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
व्यास मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल का किया अवलोकन
इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री ने व्यास मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल का अवलोकन किया। उन्होंने रेडियोलॉजी विभाग में सीटी स्कैन कंसोल रूम, एक्स-रे रूम, ट्रॉमा ओटी कॉम्प्लेक्स और इमरजेंसी वार्ड का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल के डायरेक्टर डॉ अशोक सिंह राठौड़ से मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, आरजीएचएस, ईएसआई एवं सीजीएचएस के साथ केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान पटेल ने इमरजेंसी वार्ड में मरीजों से मिलकर कुशल क्षेम भी पूछी।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ एमके आसेरी, डॉ आशा व्यास, डॉ पीसी व्यास, डॉ दीपाली पाठक, डॉ केसी अग्रवाल एवं डॉ तनुज सहित विषय विशेषज्ञ एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।


Leave a Reply