बाजार में बिस्किट, चिप्स, नमकीन, सॉस और इंस्टेंट फूड्स की भरमार है। अक्सर हम चमकदार पैकिंग, लुभावने विज्ञापन या ‘Healthy’ और ‘Natural’ जैसे बड़े-बड़े दावे देखकर इन्हें खरीद लेते हैं। लेकिन फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के अनुसार, किसी भी पैकेज्ड फूड को चुनने से पहले पैकेट के पीछे दी गई जानकारियां पढ़ना बेहद जरूरी है।
अगली बार पैकेज्ड फूड खरीदते समय पैकेट के पीछे लिखी इन 6 बातों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें:
- सामग्री की सूची (Ingredients List): पैकेट पर दी गई सामग्री हमेशा घटते क्रम (descending order) में लिखी होती है। इसका मतलब है कि लिस्ट में जो चीज सबसे पहले लिखी है, प्रोडक्ट में उसकी मात्रा सबसे ज्यादा है। इससे आप आसानी से जान सकते हैं कि प्रोडक्ट वास्तव में किस चीज से बना है।
- पोषण संबंधी जानकारी (Nutrition Information): न्यूट्रिशन टेबल देखकर कैलोरी, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट की जांच करें। FSSAI के अनुसार, किसी भी फूड प्रोडक्ट में मौजूद फैट, शुगर और सोडियम (नमक) की मात्रा पर विशेष ध्यान देना चाहिए

- चीनी, नमक और फैट की असल मात्रा: पैकेट के आगे लिखे ‘लो फैट’ या ‘डायबिटीज फ्रेंडली’ जैसे दावों पर आंख मूंदकर भरोसा
- न करें। न्यूट्रिशन टेबल में जाकर देखें कि उसमें प्रति 100 ग्राम या प्रति सर्विंग कितनी मात्रा में एडेड शुगर, सैचुरेटेड फैट और नमक मौजूद है।
- तारीख और स्टोरेज निर्देश (Expiry & Storage): मैन्युफैक्चरिंग डेट के साथ-साथ ‘Expiry Date’, ‘Use By’ या ‘Best Before’ जरूर जांचें। साथ ही पैकेट पर दिए गए स्टोरेज निर्देश (जैसे—’ठंडी जगह पर रखें’ या ‘खोलने के बाद फ्रिज में रखें’) का पालन करें ताकि खाना सुरक्षित रहे।
- FSSAI लोगो और निर्माता का विवरण: पैकेट पर 14 अंकों का FSSAI लाइसेंस नंबर और उसका लोगो अवश्य चेक करें। इसके अलावा निर्माता (Manufacturer) या पैकर का नाम और पता होना भी प्रोडक्ट की प्रामाणिकता साबित करता है।
- एलर्जेन और वेज/नॉन-वेज का निशान: अगर आपको दूध, मूंगफली, सोया, ग्लूटेन या अंडे जैसी चीजों से एलर्जी है, तो ‘Allergen Declaration’ जरूर पढ़ें। इसके साथ ही हरा (शाकाहारी) या भूरा/लाल (मांसाहारी) निशान देखकर ही अपने लिए सही विकल्प चुनें।
सामने की तस्वीर या आकर्षक ऑफर्स देखकर फैसला लेने के बजाय पैकेट के पीछे लिखी जानकारी पढ़ने में सिर्फ कुछ सेकंड लगते हैं, लेकिन यह छोटी सी आदत आपकी सेहत को सुरक्षित रखने में मददगार साबित होती है।

Leave a Reply