Advertisement

बिश्केक में पीएम मोदी-पुतिन की मुलाकात, गले मिलकर किया अभिवादन; यूक्रेन युद्ध पर शांति का संदेश

blank

रूस-यूक्रेन युद्ध पर बोले पीएम मोदी- भारत शांति के सभी प्रयासों का समर्थक, युद्ध का हर दिन मानवता को पीछे धकेलता है

बिश्केक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। द्विपक्षीय बैठक की शुरुआत में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर गर्मजोशी से अभिवादन किया। इसके बाद दोनों के बीच द्विपक्षीय मुद्दों और आपसी सहयोग को लेकर बातचीत हुई।

पीएम मोदी ने पुतिन को बताया अपना दोस्त

बैठक की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को संबोधित करते हुए कहा कि उनसे मिलकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने पुतिन की पिछली भारत यात्रा को सफल और यादगार बताया। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों और अधिक विस्तार तक ले जाने के लिए चर्चा हुई थी और दोनों देशों की टीमें इन फैसलों को लागू करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं।

blank

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और रूस का सहयोग लगातार नई ऊंचाइयों पर आगे बढ़ रहा है। दोनों देश अपने-अपने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आपसी भलाई के लिए मिलकर काम कर रहे हैं और आगे भी यही दोनों देशों के संबंधों का मूलमंत्र रहेगा।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर शांति का संदेश

रूस-यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करता है और आगे भी शांति की दिशा में होने वाले हर प्रयास का समर्थन करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि युद्ध में बिताया गया एक-एक दिन मानवता को पीछे धकेलता है, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम नई आशा और उमंग पैदा करता है।

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया को कभी न खत्म होने वाले युद्ध से निकलकर युद्ध के अंत की दिशा में आगे बढ़ना होगा। सभी मुद्दों का जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान मानवता के हित में जरूरी है।

उन्होंने कहा कि गांधी और बुद्ध की धरती का संदेश एक ही है—शांति का मार्ग।

ब्रिक्स समिट के लिए पुतिन को भारत आने का न्योता

प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को आगामी ब्रिक्स समिट के लिए भारत आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि भारत इस समिट की मेजबानी करने जा रहा है और सभी भारतीय प्रतिनिधिमंडल पुतिन के स्वागत के लिए उत्सुक हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि पुतिन की भारत यात्रा से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलेगी तथा ब्रिक्स के तहत संवाद और सहयोग भी सशक्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *