अमेरिका ने दिवंगत ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सोलेमानी के परिवार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनकी भतीजी हामिदेह सोलेमानी अफशर और उनकी बेटी का ग्रीन कार्ड रद्द कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद दोनों को अमेरिकी एजेंसियों ने हिरासत में ले लिया है और अब उन्हें देश से निर्वासित किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
ग्रीन कार्ड रद्द, हिरासत में ली गईं दोनों

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि हामिदेह सोलेमानी अफशर और उनकी बेटी हाल तक अमेरिका में ग्रीन कार्ड के आधार पर रह रही थीं। उन्होंने कहा कि अब उनकी कानूनी स्थायी निवासी (Legal Permanent Resident) की स्थिति समाप्त कर दी गई है और वे वर्तमान में ICE (Immigration and Customs Enforcement) की हिरासत में हैं।
अमेरिका ने क्यों उठाया यह कदम?
मार्को रूबियो के अनुसार, हामिदेह सोलेमानी अफशर ईरानी शासन की समर्थक रही हैं और उन्होंने कथित रूप से अमेरिका विरोधी गतिविधियों का समर्थन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अफशर ने अमेरिकियों पर हुए हमलों का समर्थन किया और अमेरिका को “ग्रेट सैटन” (महान शैतान) कहा।
निर्वासन की प्रक्रिया शुरू

रूबियो ने कहा कि ट्रंप प्रशासन ऐसे विदेशी नागरिकों को अमेरिका में रहने की अनुमति नहीं देगा जो अमेरिका विरोधी नीतियों या आतंकवादी विचारधाराओं का समर्थन करते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अफशर और उनकी बेटी को जल्द ही अमेरिका से बाहर निकाला जाएगा।
परिवार के अन्य सदस्यों पर भी कार्रवाई
अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान में बताया कि हामिदेह सोलेमानी अफशर के पति के भी अमेरिका में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह कदम अमेरिका की सख्त इमिग्रेशन और राष्ट्रीय सुरक्षा नीति के तहत उठाया गया है।
कौन थे कासिम सोलेमानी?

गौरतलब है कि कासिम सोलेमानी ईरान के एक प्रमुख सैन्य कमांडर थे, जिनकी जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद से ही अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया था।

Leave a Reply