बावड़ी। उपखंड मुख्यालय बावड़ी स्थित श्री बालाजी अकैडमी सीनियर सेकेंडरी विद्यालय द्वारा आज स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन हनुमान राम सांखला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए समाज और राष्ट्र को स्वच्छ बनाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के तहत विद्यार्थियों ने बावड़ी उपखंड मुख्यालय, बावड़ी तहसील परिसर तथा स्थानीय अस्पताल में साफ-सफाई की। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
बावड़ी चिकित्सा प्रभारी रामनिवास विश्नोई ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं बावड़ी तहसीलदार कृष्ण इंकिया ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि साफ-सफाई से बीमारियों से बचाव संभव है।
उपखंड अधिकारी जवाहर राम चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास के लिए स्वच्छता पर विशेष बल देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्यारेलाल सांखला ने स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए समाज को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


Leave a Reply